Sagar
विद्यार्थियों के शिक्षा ऋण की गारंटर बनेगी सरकार
भास्कर न्यूज Sunday, October 04, 2009 08:16 [IST]  

सागर. सरकार विद्यार्थियों की जरूरतों के प्रति संवेदशनशील है। मेधा संपन्न विद्यार्थी उच्च शिक्षा से वंचित नहीं रहे इसलिए सरकार बैंक से ऋण दिलाने के लिए उनकी गारंटर बनेगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के पगारा रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन में कही।



दो दिवसीय अधिवेशन का उद्घाटन करने पहुंचे सीएम ने कहा कि देश-प्रदेश का भविष्य छात्रों के हाथ में है,अभाविप कार्यकर्ता इस बात को बेहतर ढंग से जानते हैं। इससे पहले अपने भाषण में श्री चौहान ने कहा कि वह अभाविप के आजीवन कार्यकर्ता हैं। उन्होंने इस मौके पर परिषद के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों को अपने छात्रजीवन के कई प्रसंग सुनाए।



उन्होंने बताया कि कैसे वह अभाविप से जुड़े और हमीदिया और सैफिया कॉलेजों में छात्रसंघ तैयार किए। उन्होंने कहा कि अभाविप द्वारा दिए गए संस्कार उनकी रग-रग में बस गए हैं इसलिए वह कभी खुद को परिषद से बाहर नहीं मानते हैं।



दो तरह के हालात होने की बात



श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में दो तरह के प्रदेश विकसित हो रहे थे। किसी शहर में सड़क पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं अच्छी नहीं है तो किसी शहर में गगनचुंबी इमारतें खड़ी हो रहीं हैं, नए-नए उद्योग,कल कारखाने खुल रहे हैं। प्रदेश में इन दो तरह के हालातों को बदलने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार प्रदेश के हालात बदलने के लिए कृत संकल्पित है।



अभाविप ने की थी नामकरण की मांग



इससे पहले कार्यक्रम के मुख्य वक्ता अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि परिषद ने आजादी के पूर्व बाकी रह गए कामों को पूरा करने का बीड़ा उठाया है। छात्र शक्ति को देश के प्रति उनके कर्तव्य व जिम्मेदारियां समझाने के लिए अभाविप दिन रात काम कर रहा है। अभाविप की मांग पर ही देश का नाम भारत, राष्ट्रभाषा हिन्दी, राष्ट्रगीत वंदेमात्रम तय हुआ।



यह रहे अधिवेशन में मौजूद



इस अवसर पर आयोजन की स्वागत समिति के सदस्य एवं सांसद भूपेंद्र सिंह ने अधिवेशन की आवश्यकता एवं लक्ष्यों के पर प्रकाश डाला। इस अवसर पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव, कृषि एवं सहकारिता मंत्री रामकृष्ण कुसमरिया, विधायक शैलेंद्र जैन, भानु राणा, प्रदीप लारिया, डॉ. विनोद पंथी, पुरुषेन्द्र कौरव, अभाविप के प्रांतीय पदाधिकारी बिजेंद्र गौतम, डॉ. रामदास राज, आशीष चतुर्वेदी एवं भाजपा कार्यकर्ता अनुराग प्यासी, श्याम तिवारी आदि मौजूद रहे।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: