सागर. झमाझम बारिश का सिलसिला शनिवार को दिन भर जारी रहा। इस झड़ी ने मानसून की वापसी का अहसास कराया। दिन के तापमान में भी कमी आई है। तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम हो गया है। शहर में पिछले 24 घंटे के दौरान 30.9 मिमी बारिश हुई। इससे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के स्वागत में सड़कों के किनारे सुबह लगाए गए पोस्टर, बैनर बदरंग हो गए।
यातायात व्यवस्थित करने के लिए चौराहों पर तैनात पुलिस कर्मियों को अपनी वर्दी भीगने के डर से सुरक्षित ठिकानों की ओर दौड़ लगानी पड़ी। बाजार में मुख्य सड़क के किनारे लगी दुकानों और हाथ ठेले वालों को दो बार अपनी जगह से हटना पड़ा। वही दूसरी ओर सड़कों के गड्ढों में भरी डस्ट एवं मिट्टी बाहर निकल आई। फिलहाल बादल छाए हैं, इससे और बारिश होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान के दौरे के मद्देनजर 24 घंटे पहले सड़कों पर लगाए गए पैबंद बारिश के कारण उखड़ गए हैं। इनमें भरे गंदे पानी से लोगों को सड़क पर आने-जाने में परेशानी होने लगी है। पिछले माह 9,10 और 11 सितंबर को हुई मूसलाधार बारिश के 23वें दिन 3 अक्टूबर को 30.9 मिमी वर्षा हुई है।
सितंबर में तीन दिनों के दौरान 265 मिमी बारिश हुई थी। इसके बाद से लेकर पिछले दिनों मानसून की विदाई तक बारिश नहीं हुई थी। इस कारण इन दिनों हो रही बारिश से लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं।