Sagar
पानी से प्रभावित रहे सीएम के कार्यक्रम
भास्कर न्यूज Sunday, October 04, 2009 08:28 [IST]  

सागर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह का एकदिवसीय सागर दौरा पानीदार रहा। तेज बारिश के कारण कार्यक्रम फीके रहे, लेकिन कार्यकर्ताओं में उत्साह बना रहा। हवाई मार्ग से आए सीएम को सड़क मार्ग से भोपाल लौटना पड़ा। चौहान ने यहां खेल परिसर में आयोजित लोक कल्याण शिविर में कहा कि इस वर्ष किसानों के लिए केंद्र सरकार गेहूं का जो समर्थन मूल्य तय करेगी उसमें सौ रुपए अतिरिक्त तौर पर प्रदेश सरकार द्वारा दिए जाएंगे।



उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में पंचायत एवं ग्रामीण विकास के माध्यम से दस हजार नौजवानों की पंचायत में नियुक्ति की जाएगी। अगले तीन साल में बुंदेलखंड के प्रत्येक गांव को मुख्य सड़क से जोड़ा जाएगा। सीएम ने कल्याण शिविर में 19 लाख से ज्यादा के चेक वितरित किए और मंच से एक करोड़ 40 लाख के विकास कार्र्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। बारिश के कारण मेडिकल कालेज में होने वाली नगर विकास की बैठक नहीं हो सकी।



सरकार गारंटर बनेगी - मुख्यमंत्री ने पगारा रोड स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में विद्यार्थी परिषद के अधिवेशन में शिरकत की। यहां उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन की यादें ताजा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के मधावी विद्यार्थी उच्च शिक्षा के मामले में पीछे न रहें इसलिए हमने निर्णय लिया है कि सरकार शिक्षा ऋण के लिए उनकी गारंटर बनेगी।



गुलाम नबी आजाद से मिलेंगे



लोक कल्याण शिविर के समापन पर बरसते पानी में मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि सागर मेडिकल कालेज की मान्यता के लिए वे बहुत जल्द केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद से मिलेंगे। नगरीय निकाय चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि यह संगठन का काम है जल्द ही रणनीति तैयार की जाएगी।



नगर विकास की योजनाओं पर चर्चा करने के लिए एक बार पुन: सागर आएंगे। साढ़े तीन बजे हैलीकाप्टर से आए शिवराज सिंह चौहान सात बजे कार द्वारा भोपाल के लिए रवाना हो गए। कटनी से उन्हें लेकर आया हैलीकाप्टर और भोपाल ले जाने के लिए जबलपुर से आया हवाई जहाज खाली लौट आया।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: