पंचकूला. बारिश से बाधित मैच में भारतीय अंडर—16 स्कूली क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया स्कूल को 25 रन से पराजित कर कॉमनवेल्थ क्रिकेट सीरीज अपने नाम कर ली। भारत के संदीप राज कौशिक को ऑलराउंड प्रदर्शन(59 रन और 3 विकेट) के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया।
पंचकूला के ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के तीसरे मैच में भारत ने टॉस जीत कर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। 50 ओवर के मैच को बारिश की वजह से 39 ओवर का करना पड़ा। भारत ने 39.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 159 रन बनाए। संदीप राज कौशिक ने शानदार 59 रन की पारी खेली। आर. अरविंद ने 27 रन का योगदान दिया।
ऑस्ट्रेलिया के लिए जोर्डन मैथ्यु ने 19 रन देकर 2 विकेट लिए। ऑस्ट्रेलियाई पारी में बारिश फिर से शुरू होने की वजह से नए सिरे से लक्ष्य तय किया गया। इसके तहत ऑस्ट्रेलिया को 22 ओवर में 134 रन बनाने का टारगेट मिला। लेकिन अजरुन अरोड़ाऔर संदीप राज कौशिक की घातक गेंदबाजी के आगे ऑस्ट्रेलियाई टीम 21.3 ओवर में 108 रन पर सिमट गई।
अजरुन ने 11 रन देकर 3 जबकि संदीप राज ने 28 रन देकर 3 खिलाड़ियों को पेवेलियन भेजा। आदित्य सिंह ने 29 रन देकर 2 विकेट झटके। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से डायलिन ने 26 और रेयान गिब्सन ने 23 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के टॉम रोर्जस को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।