चंडीगढ़. चाहे फिल्म हो या टीवी, बिग बी तो हर जगह बिग बॉस हैं, उनके सामने कोई नहीं टिक सकता, अमिताभ का नाम किसी भी चीज की विश्वसनीयता बढ़ा देती है.. रविवार से बिग बॉस-3 शुरू होने के मौके पर कुछ ऐसा ही सुनने को मिला।
बिग बॉस—3 के होस्ट के रूप में अमिताभ एक बार फिर छोटे परदे के दर्शकों के सामने हैं। वहीं, लोग पहली बार किसी कपल को शो में देखकर काफी उत्साहित हैं। इस शो में तनाज अपने पति बख्तियार के साथ आईं, तो पूनम ढिल्लों ने भी छोटे परदे पर वापसी की है।
तनाज-बख्तियार की जोड़ी अच्छी लगी
बिग बॉस शो तो पहले से ही फेमस है, लेकिन इस बार अमिताभ बच्चन का नाम जुड़ जाने से यह शो स्पेशल हो गया है। अब अमिताभ बच्चन हों और शो का क्रेज न हो ऐसा कैसे हो सकता है। शो में तनाज-बख्तियार की जोड़ी को देखना अच्छा लगा। जिस अंदाज में वह बिग बॉस से मुखातिब हुए उससे लगता है कि वह इस शो में टिके रहेंगे। अमिताभ भी बिग बॉस के रूप में काफी जंच रहे हैं, ठीक वैसे जैसे वह फिल्मों में जंचते थे।
जिया शर्मा, स्टूडेंट
बिग बॉस की जेल भी
मुझे शाम को जरूरी काम से दिल्ली जाना था, लेकिन मैंने शो देखकर जाना ही ठीक समझा। अमिताभ के साथ ही शो की खास बात यह है कि आम दर्शक भी इसमें हिस्सा ले सकते हैं। हां, कुछ गड़बड़ी हुई तो बिग बॉस की जेल में भी जाना पड़ेगा। शो में पहली बार कपल एंट्री रखी गई है। मैं ही नहीं मेरी टेनिस एकेडमी के ज्यादातर स्टूडेंट्स भी इस शो के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
रॉबिन, टेनिस कोच
हिन्दी सवाल, जर्मन जवाब
अमिताभ तो सुपर स्टार हैं। उनका हर शो अलग होता है। उनके बोलने का अंदाज, एक्टिंग, स्टाइल सबसे जुदा है। यह सब कुछ इस शो में भी देखने को मिला। इस शो से पूनम ढिल्लों जैसी खूबसूरत अदाकारा को एक बार फिर देखने का मौका मिला। आज भी उनका ग्लैमर बरकरार है। बिग बॉस अमिताभ बच्चन ने जर्मन अभिनेत्री क्लाइडा से हिन्दी में बात की, जिसका जवाब क्लाइडा ने जर्मन भाषा में दिया।
शशांक, डीजे