जतारा. शिक्षण सत्र शुरू हुए तीन माह बीत गए हैं, लेकिन जतारा ब्लाक की करीब 15 हजार छात्राओं को अब तक यूनिफार्म का वितरण नहीं किया गया है। यूनिफार्म नहीं मिलने के कारण छात्राओं को पुरानी यूनिफार्म पहनकर स्कूल जाना पड़ रहा है।
जतारा ब्लाक में 96 मिडिल स्कूल और 317 प्राइमरी स्कूल संचालित हैं। इनमें कक्षा 1 से लेकर 8वीं तक छात्राओं की संख्या लगभग 27 हजार है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी तक करीब 60 प्रतिशत छात्राओं को यूनिफार्म वितरित कर दी गई है। शेष छात्राओं को यूनिफार्म का वितरण नहीं हुआ है।
क्वालिटी बनी मुसीबत
मध्य प्रदेश शासन ने आदेश जारी किया है कि बुरहानपुर स्थित शासकीय कपड़ा मिल से गुणवत्ता की मुहर लग जाने के बाद ही यूनिफार्म का वितरण किया जाएगा। जतारा ब्लाक के अधिकांश केंद्रों से कपड़े के सेंपल जांच के लिए बुरहानपुर भेजा गया है, लेकिन वहां से जांच की रिपोर्ट नहीं आ रही है। इस कारण स्कूलों में यूनिफार्म का वितरण नहीं किया जा रहा है। कुछ स्कूल में पालक शिक्षक संघ ने बगैर अनुमति के ही यूनिफार्म का वितरण कर दिया है।