Ujjain
गलत निर्माण पर 400 मकान वालों को नोटिस
भास्कर न्यूज Monday, October 05, 2009 08:20 [IST]  

उज्‍जैन. नक्शे के विरुद्ध और अवैध तरीके से निर्माण किए जा रहे चार सौ भवन स्वामियों को नगर निगम ने रविवार को नोटिस जारी किए हैं। सोमवार को नोटिस तामिल कराए जाएंगे। निगम के चारों जोन क्षेत्रों में निर्माणाधीन और नवनिर्मित भवनों की जांच की जाएगी।



नगर निगम में पेश किए गए नक्शों की वैधानिकता और नक्शा नियमानुसार बना है या नहीं, इसकी जांच भी होगी। अवैध भवन निर्माण का नजारा शहर में हर कहीं देखा जा सकता है। मुख्य मार्गो पर बहुमंजिला इमारतें सेटबेक छोड़े बिना बन गई हैं। लगभग हर कॉलोनी में नक्शे के विरुद्ध निर्माण किए हैं।



निगम अधिकारी और कर्मचारी इनके सामने से गुजरते हैं लेकिन कार्रवाई नहीं होती। आयुक्त चंद्रमौली शुक्ला ने इन निर्माणों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए रविवार को भवन निरीक्षकों व जोन प्रभारियों की नकेल कसी। निगमायुक्त ने चारों जोन में तत्काल प्रभाव से 400 नोटिस जारी कराए। आयुक्त ने 10 दिन में चारों जोन की रिपोर्ट मांगी है। बिल्डिंग इंस्पेक्टर शहर में घूम कर निर्माणाधीन व नवनिर्मित भवनों की रिपोर्ट तैयार करेंगे।



रिपोर्ट का मौके पर वेरीफिकेशन किया जाएगा। अवैध निर्माण यदि समझौता योग्य है तो शुल्क वसूलेंगे अन्यथा निर्माण हटाया जाएगा। जोन प्रभारियों पर जिम्मेदारी: भवन निर्माण की अनुमति जोन प्रभारी द्वारा दी जाती है। इसलिए अवैध निर्माण के लिए उन्हें भी जिम्मेदार माना जाएगा।



इन क्षेत्रों में कार्रवाई



पहले दौर में प्रमुख मार्गो और बड़ी कॉलोनियों को लिया है। पटनी बाजार, नईसड़क, फ्रीगंज, भरतपुरी क्षेत्र, देवासरोड, इंदौररोड पर नए बहुमंजिला भवन बने हैं। इंदौर और देवासरोड की नई कॉलोनियां भी निशाने पर हैं।



निगम और शहर को फायदा



जो भवन बन चुके हैं और उनमें नक्शे के विरुद्ध और अवैध निर्माण हुआ है, उनसे समझौता शुल्क वसूला जाएगा। अवैध निर्माण समझौते की श्रेणी में नहीं आता है तो उसे हटाया जाएगा। समझौता शुल्क से निगम को लाखों रुपए की आय होने की संभावना है। भ्रष्टाचार पर रोक लगने की उम्मीद भी है। लगभग सभी कॉलोनियों में नक्शे के विरुद्ध भवन निर्माण हुए हैं। इससे पड़ोसियों को भी आपत्ति होती है। कई बार विवाद की स्थिति बनती है। सेटबेक से कब्जा हटाने से सड़कें चौड़ी होंगी।



नक्शों की जांच आर्किटेक्ट पर आंच



भवन निर्माण में नियमों के उल्लंघन करने के लिए आर्किटेक्टों को भी जिम्मेदार माना है। आर्किटेक्ट के अनुसार भवन का निर्माण नियमानुसार नहीं होता। आयुक्त ने आर्किटेक्टों के खिलाफ भी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके लिए नक्शों की जांच विशेषज्ञों से कराई जाएगी। जिस आर्किटेक्ट का नक्शा नियम विरुद्ध होगा उसका लाइसेंस निरस्त होगा। शहर में 104 आर्किटेक्ट हैं जो मकानों के नक्शे बनाते हैं।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: