उज्जैन. विदर्भ और तेलंगाना के समीप बने अतिकम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से मध्यप्रदेश में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। पिछले तीन दिनों से अधिकतर इलाकों में बरसात हो रही है।
उज्जैन में रविवार को मौसम ने अचानक रुख बदला। शहर में दोपहर को झमाझम बारिश हुई। शुरुआती एक घंटे में दो इंच बारिश हुई। इससे दिन के तापमान (अधिकतम) में एक डिग्री की गिरावट आई है। इससे मौसम में ठंडक घुल गई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
गर्मी का मौसम बारिश के इंतजार में बीत गया लेकिन लोगों की उम्मीद पूरी नहीं हुई। अब बारिश का मौसम बीत चुका है और शरद ऋतु शुरू हो चुकी है। ऐसे में किसी को उम्मीद नहीं थी कि मेघ मल्हार होगा। रविवार दोपहर करीब सवा दो बजे जोरदार बारिश हुई जो आधे घंटे तक सतत जारी रही।
इससे शहर की सड़कों पर पानी भर गया और नालियां बह निकलीं। बाद में रिमझिम बारिश का क्रम चला। रात 2 बजे तक यह सिलसिला चला। जीवाजी वेधशाला के मौसम प्रेक्षक दीपक गुप्ता के मुताबिक रविवार को दो इंच से अधिक बारिश रिकार्ड की गई है। एक अक्टूबर से अब तक 2.38 बारिश हुई है। 30 सितंबर तक शहर में 32 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। बारिश से रविवार का अधिकतम (दिन का) तापमान 32 डिग्री रहा जबकि शनिवार को यह 33 डिग्री था।