सागर. सांसद भूपेंद्र सिंह से सोमवार को जनचौपाल में दर्जनों लोगों ने समस्याएं सुनीं। श्री सिंह के सामने बाघराज वार्ड की एक करीब डेढ़ दर्जन महिलाएं शिकायत लेकर पहुंची।
महिलाओं का नेतृत्व कर रहीं सोना राजपूत ने बताया कि उनके क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के हालात गांव जैसे हैं।
नगर निगम द्वारा पाइप लाइन नहीं बिछाने से वार्ड के लाल टौरिया क्षेत्र के करीब 50 परिवारों को लगभग 1 किमी दूर मेनपानी तिराहा पर हैंडपंप से पानी लेने जाना पड़ता है। शिकायत सुनने के बाद श्री सिंह ने ननि के जलप्रदाय प्रभारी से मौके पर ही चर्चा की और उन्हें जल्द से जल्द एस्टीमेट बनाने के लिए कहा।
कुछ लोग बंदूक का लाइसेंस बनवाने में सहायता करने की मांग लेकर पहुंचे। अलग-अलग कारणों के चलते लाइसेंस मांगने पहुंचे इन आवेदकों की संख्या 3 थी। इनमें से नौरजा गांव थाना राहतगढ़ के द्वारका प्रसाद कुर्मी का कहना था कि उनके क्षेत्र में आए दिन छीन-झपटी, चोरी, मारपीट की वारदातें हो रही हैं।
ऐसी घटनाओं से उन्हें जान का खतरा बना रहता है इसलिए लाइसेंस दिलाया जाए। जबकि एक अन्य आवेदक भानसिंह निवासी बम्हौरी जगदीश का कहना था कि वह बेरोजगार है, सुरक्षा गार्ड बनने के लिए उसे बंदूक की आवश्यकता है। इसलिए उसे भी लाइसेंस दिलाया जाए। सांसद ने इन सभी आवेदनों को नियमानुसार कार्रवाई के लिए एसपी कार्यालय भेज दिया।
सांसद श्री सिंह के समक्ष जगजीवन राम वार्ड खुरई के करीब 65 परिवारों ने एक जिला बदर बदमाश द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत की। इन लोगों का कहना था कि पुलिस की कार्रवाई संतोषजनक नहीं है इसलिए बदमाश उन्हें आए दिन परेशान करता है। श्री सिंह शिकायत सुनने के बाद एसपी से चर्चा की और उन्हें कार्रवाई के लिए कहा। सांसद के सामने हरदुआ के गांव के धौरई जनजाति के 100 से अधिक सदस्य वनभूमि का पट्टा मांगने पहुंचे।
जिसके जवाब में उन्होंने मोबाइल पर मुख्य वन संरक्षक से चर्चा कर तत्काल जांच रिपोर्ट बनाने को कहा। इन आवेदनों में चोरी, नियुक्ति में अनियमितता, नौकरी, गरीबी रेखा सूची में नाम जुड़वाना आदि की शिकायतें व मांगें शामिल थीं। दरबार में मुख्य रूप से डॉ. सुखदेव मिश्रा, सुधीर यादव, आलोक राजा ठाकुर, लक्ष्मणसिंह लोधी, बलराम गौतम, राजकुमार धनोरा, पुष्मा पटेल आदि शामिल थे।