सागर. शहर में केबल प्रसारण में होने वाले लाखों रुपए के कारोबार में कतिपय ऑपरेटर्स और नेटवर्क संचालक के बीच हिस्सेदारी को लेकर विवाद छिड़ गया है। जिस कारण शहर के कई स्थानों में दो-तीन दिन से केबल टीवी का प्रसारण ठप हो गया है। उपभोक्ता टीवी पर पसंदीदा कार्यक्रम नहीं देख पा रहे हैं। जिसको लेकर उपभोक्ताओं में आक्रोश है। अनुमान के मुताबिक उपनगर मकरोनिया-रजाखेड़ी एवं कैंट को छोड़कर शहर में 25 हजार से अधिक केबल उपभोक्ता हैं।
डिजी केबल नेटवर्क और ऑपरेटर्स के बीच प्रति कनेक्शन के अनुसार प्रति माह उपभोक्ताओं से लिए जाने वाले शुल्क को लेकर विवाद चल रहा है। डिजी केवल नेटवर्क के लकी राजपूत का कहना है कि कतिपय ऑपरेटर्स प्रति कनेक्शन के हिसाब से नेटवर्क को शुल्क नहीं दे रहे हैं। नेटवर्क द्वारा ऑपरेटर्स से प्रति कनेक्शन के हिसाब से शुल्क देने की बात कही गई तो कतिपय ऑपरेटर्स ने प्रसारण बंद कर दिया।।
वहीं कतिपय केबल ऑपरेटर्स संघ का आरोप है कि नेटवर्क द्वारा जब-तब शुल्क बढ़ा दिया जाता है। जबकि केबल प्रसारण का रखरखाव करना महंगा हो गया है। शुल्क बढ़ाने का विरोध करने पर नेटवर्क ने ही प्रसारण बंद किया है। वहीं नेटवर्क के संचालक का कहना है कि प्रसारण केबल ऑपरेटर्स ही बंद कर रहे हैं।
कौन सच्चा, कौन झूठा
अनुमान के मुताबिक प्रतिमाह केबल उपभोक्ताओं से 25 लाख रुपए से अधिक की राशि शुल्क के रूप में वसूल की जाती है। इस राशि में नेटवर्क और ऑपरेटर्स का कितना कमीशन हो? इसी को लेकर इन दिनों विवाद खड़ा हो गया है। नेटवर्क संचालक का कहना है कि किसी ऑपरेटर्स के पांच सौ कनेक्शन हैं, लेकिन वह दो सौ कनेक्शन का शुल्क जमा करता है। वास्तविक कनेक्शन के हिसाब से शुल्क देने की बात करते हैं तो प्रसारण बंद कर उपभोक्ताओं को गुमराह करते हैं।
नहीं देख पा रहे पसंदीदा कार्यक्रम
तिली क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों में दो दिन तक प्रसारण बंद होने पर टीवी पर लोग पसंदीदा कार्यक्रम नहीं देख पाए। तिली के महेंद्र पवार ने बताया कि प्रतिमाह डेढ़ सौ रुपए शुल्क देने के बाद भी जब-तब प्रसारण बंद कर दिया जाता है। नेहा तिवारी दो दिन से अपने पसंदीदा कार्यक्रम नहीं देख पा रही हैं। उनका कहना है कि जिला प्रशासन को कार्रवाई करना चाहिए। ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। तिली क्षेत्र की कुछ कॉलोनियों में सोमवार रात को प्रसारण शुरू हो सका।
ऑपरेटर्स ने की हड़ताल
शहर के कुछ बड़े केबल ऑपरेटर्स ने अन्य ऑपरेटर्स के सहयोग से हड़ताल शुरू कर दी। जिससे दो दिन से कई स्थानों में प्रसारण नहीं हो सका। सोमवार को पुरब्याऊ सहित कई क्षेत्रों में प्रसारण ठप रहा। पहले भी नेटवर्क संचालक और ऑपरेटर्स के बीच शुल्क के विवाद को लेकर प्रसारण ठप होने से उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा है।
दूसरा नेटवर्क खड़ा करने की तैयारी
डीजी केबल नेटवर्क एवं सीसीएन नेटवर्क के बीच सहयोग होने से शहर में तीसरा नेटवर्क नहीं है। ऑपरेटर्स का आरोप है कि इसी का दबाव बनाकर नेटवर्क संचालक मनमानी कर रहे हैं। इसलिए कुछ ऑपरेटर्स मिलकर नया नेटवर्क खड़ा करने की तैयारी में जुट गए हैं।