सागर. इंद्र देव तो मेहरबान हैं, लेकिन सोमवार का दिन लोगों को नलों से पानी आने के इंतजार में गुजारना पड़ा। रविवार की रात जोरदार बारिश के साथ आकाशीय बिजली तड़कने से राजघाट बांध की 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से सोमवार को शहर में पानी सप्लाई नहीं हुआ। लोग दिन भर नलों से पानी आने का इंतजार करते रहे। वहीं दलित बस्तियों में बरसते पानी में बच्चे और महिलाएं हैंड़पंप से पानी भरते देखे गए।
सोमवार सुबह से ही राजघाट बांध की 33 केवी लाइन में आए फाल्ट की मरम्मत का काम शुरू कर दिया था, लेकिन शाम तक नलों से पानी सप्लाई नहीं हो सका। नगर निगम वाटर वर्क्स के कार्यपालन यंत्री लखन साहू का कहना है कि मरम्मत काम पूरा नहीं होने से सप्लाई नहीं की गई। उम्मीद है कि मंगलवार दोपहर तक पानी सप्लाई कर दिया जाएगा।
कैसे हुआ फाल्ट
बिजली कंपनी के एक इंजीनियर का कहना है कि आकाशीय बिजली 33 केवी लाइन पर गिरने से तार टूट गए थे। इसलिए राजघाट बांध के उपकेंद्र में सप्लाई बंद हो गई। सोमवार सुबह से लाइनों की मरम्मत का काम शुरू कर दिया था।
पानी का इंतजार रहा लोगों को
परकोटा निवासी सुधा चौबे का कहना है कि दीवाली पर घर की सफाई और पुताई का काम चल रहा है। दोपहर 12 बजे तक नल से पानी नहीं आया तो हैंडपंप से पानी भरना पड़ा।
कटरा निवासी पवन जैन सोमवार को ऑफिस जाने के लिए लेट हो गए। उनका कहना था कि वार्ड में पानी आने का समय तय नहीं है। नहाने के लिए कुंए से पानी लाए तब कहीं ऑफिस पहुंचे।
दयानंद वार्ड निवासी संध्या का क हना था कि दोपहर 12 बजे तक नल से पानी नहीं आया।
खाना बनाने के लिए पड़ोसी के ट्यूबवेल से पानी लेकर काम चलाना पड़ा। उनकी शिकायत थी कि पानी सप्लाई न करने की पूर्व में सूचना भी नहीं दी जाती है। चकराघाट निवासी मीना सरवैया भी दिनभर पानी आने का इंतजार करती रहीं। उनका कहना था कि राजघाट बांध में पर्याप्त पानी होने के बाद भी वितरण व्यवस्था ठीक न होने से जनता पानी के लिए आए दिन परेशान होती है। रामपुरा वार्ड निवासी कमला तिवारी ने बताया कि शहर में पानी वितरण व्यवस्था ठीक नहीं है। गड़बड़ी की शिकायत जन चौपाल में सांसद भूपेंद्र सिंह ठाकुर से करेंगी।