सागर/बंडा. बंडा रोड पर सौरई गांव के पास सोमवार शाम 7 बजे दो बसों के आपस में टकराने से 13 यात्री घायल हो गए। इनमें से ड्राइवर की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे जिला अस्पताल रैफर किया गया है। घटना सौरई गांव में पुलिया के मोड़ पर हुई। दोनों बसें पलट कर नाले में जा गिरी। पुलिस के मुताबिक बंडा से सागर जा रही चौरसिया बस सर्विस की बस (क्रमांक एमएच 02 एक्सए- 0635) सामने से आ रही बाली बस सर्विस की बस (क्रमांक एमपी 15जी- 1637) से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबर्दस्त थी के दोनों बसें पलट कर नाले में गिर गईं। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी संजय उइके, नायब तहसीलदार रमेश कुमार सोनी और टीआई अशोक पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव के लोगों की मदद से बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
घायलों को उपचार के लिए बंडा स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घायलों में बस के ड्राइवर हल्ले यादव की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया है। बंडा प्रतिनिधि के अनुसार बसों की टक्कर पुलिया के पास बारिश के दौरान मिट्टी गीली होने से फिसलन के कारण हुई।
स्टेरिंग में फंस गया था ड्राइवर
थाना प्रभारी अशोक पांडे के मुताबिक बालाजी बस सर्विस का ड्राइवर हल्ले यादव स्टेरिंग में फंस गया था। पुलिस कर्मचारियों ने उसे निकाला। उसके पैर में फै्रक्चर हो सकता है।
घटना के लिए कौन जिम्मेदार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों बसें पुलिया के मोड़ पर क्रास करते समय टकरा गइर्ं। दोनों बसों के कर्मचारी घटना के लिए एक- दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
ये यात्री घायल हुए
घायलों में रंजीत सिंह गनेशपुरा, सुख सिंह पनारी, दामोदर साहू बंडा, राम प्रसाद विश्वकर्मा सुनवाहा, रूपवती विश्वकर्मा सुनवाहा, करोड़ी सिंह पनारी, अमर सिंह पनारी, जाहर यादव रीछई शाहगढ़, अब्दुल कादिर बंडा, प्रमोद चतुर्वेदी शामिल हैं। घायलों को हाथ-पैर एवं सिर में चोटें आई हैं।