जोधपुर. एपीलएल राशन कार्ड धारकों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली के माध्यम से आटा वितरण की योजना के दूसरे दिन सोमवार को अधिकांश उपभोक्ता इसका लाभ नहीं उठा सके। डेयरी बूथों तक तो आज भी आटा पहुंचा लेकिन कई स्थानों पर इसका वितरण नहीं हो सका। रसद विभाग ने जोधपुर की शक्ति एन्टरप्राइजेज प्रा.लि. एवं पाली की इना प्रोटीन्स प्रा.लि. को गेहूं का आटा बनाकर वितरित करने का कार्य दे रखा है।
इनमें से जोधपुर की मिल सोमवार तक 10 किलो आटे के 4 हजार पैक शहर के विभिन्न डेयरी बूथों पर वितरित कर चुकी है। बहरहाल राशन विक्रेताओं की ओर से हाईकोर्ट में दायर याचिका की सुनवाई होने के कारण रसद अधिकारी आज वहां व्यस्त रहे। ऐसे में वे आटा वितरण की व्यवस्थाओं की मॉनीटरिंग नहीं कर पाए। इस कारण विभागीय निरीक्षक भी बाहर नहीं निकले जिससे अधिकांश डेयरी बूथ संचालकों ने उपभोक्तओं को आटे का वितरण नहीं किया।
इस बीच पाली की आटा मिल से मंगलवार को आटे के 25 सौ पैकेट जोधपुर भेजे जाएंगे। यह सप्लाई आने बाद रसद विभाग मंलवार से आटा वितरण की व्यवस्था सुचारू बना सकेगा। इस संबंध में जिला रसद अधिकारी विजयपालसिंह का कहना है कि वे अदालती कार्य में व्यस्त रहने से काम नहीं देख पाए लेकिन कल से व्यवस्था सुचारू हो जाएगी।