Jodhpur
मेडिकल टीम आज जोधपुर में
भास्कर न्यूज Tuesday, October 06, 2009 07:27 [IST]  

जोधपुर. मथुरादास माथुर अस्पताल में स्वाइन फ्लू के दो संदिग्ध रोगियों की मौत के मद्देनजर जयपुर से स्वास्थ्य विभाग की एक टीम मंगलवार को जोधपुर पहुंचेगी। यह टीम स्वाइन फ्लू के संदिग्ध रोगियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं व व्यवस्थाओं का जायजा लेगी। इसके तहत टीम के सदस्य स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए बनाए गए आइसोलेशन वार्ड, उपलब्ध दवाइयां व अन्य व्यवस्थाओं की पड़ताल करेंगे।



दो रोगियों की मौत के बाद की स्थिति पर भी चर्चा की जाएगी। इधर अस्पताल प्रबंधन ने मेडिकल वार्ड में भर्ती मदनसिंह की रिपोर्ट निगेटिव होने की जानकारी से राहत की सांस ली है। मदनसिंह को गत मंगलवार को यहां भर्ती किया गया था। टेमी फ्लू की खुराक पूरी होने के बाद स्वास्थ्य में सुधार देखते हुए उसे शुक्रवार को जनरल वार्ड मंे शिफ्ट किया गया था।



भास्कर ने किया था खुलासा



दैनिक भास्कर ने शनिवार को ‘सांसत में स्वाइन फ्लू के संदिग्ध’ शीर्षक से प्रकाशित समाचार में यहां भर्ती स्वाइन फ्लू की संदिग्ध मरीज अर्चना के उपचार में आ रही परेशानियों को उजागर किया था। इसमें चिकित्सकीय जांच के दौरान मरीज के परिजनों से मॉस्क व ग्लब्स मंगवाने, उनके साथ डॉक्टर्स की बदसलूकी तथा संदिग्ध रोगी को सोनोग्राफी के लिए एक घंटे तक लाइन में लगने का खुलासा किया गया था।



अस्पताल प्रबंधन भी आया हरकत में



एमडीएम अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी गई है। ऐसे रोगियों को अब सामान्य चिकित्सकीय जांच के लिए कहीं जाना नहीं पड़ेगा। सम्बन्धित प्रयोगशाला के कर्मचारी रोगी का नमूना लेने के लिए वार्ड में आएंगे। अस्पताल अधीक्षक डॉ. प्रफुल्ल कच्छवाह के अनुसार संदिग्ध रोगियों को एक्स-रे, सोनोग्राफी की आवश्यकता पड़ने पर इसकी पूर्व सूचना वार्ड से भेजी जाएगी जिससे मरीज को इंतजार नहीं करना पड़े।



मंगलवार को जयपुर से आने वाली टीम स्वाइन फ्लू रोगियों के लिए उपलब्ध व्यवस्थों की समीक्षा करेगी। - डीपी पूनिया, प्राचार्य डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज



स्वाइन फ्लू के संदिग्ध रोगियों की चिकित्सकीय जांच के नमूने लेने लिए संबंधित प्रयोगशाला के कर्मचारी आइसोलेशन वार्ड में जाएंगे। एक्सरे व अन्य जांच के लिए जांच केन्द्र पर पूर्व सूचना दी जाएगी। - डॉ. प्रफुल्ल कच्छवाह, अधीक्षक, मथुरादास माथुर अस्पताल

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: