Jodhpur
ज्यादती की शिकायत, ग्रामीणों को डांटकर भगाया
भास्कर न्यूज Wednesday, October 07, 2009 07:02 [IST]  

जोधपुर. विक्षिप्त महिला के साथ सोमवार देर रात ज्यादती की घटना ने ग्रामीणों को तो झकझोर दिया लेकिन लोगों को सुरक्षा देने का दावा करने वाली पुलिस के कान पर जूं तक नहीं रेंगी। उल्टे पुलिस ने महिला के लिए न्याय मांगने गए ग्रामीणों के साथ मारपीट की। जनाक्रोश को देखते हुए एसपी ने आदेश दिए तो 24 घंटे बाद रिपोर्ट दर्ज हो गई, लेकिन मंगलवार देर रात तक पुलिस ने महिला का मेडिकल तक कराने की जहमत नहीं उठाई।



मामला झंवर थाना क्षेत्र का है। जैसलमेर मार्ग पर स्थित मेघलासिया गांव के आस—पास एक 25 वर्षीय विक्षिप्त महिला गत एक माह से घूम रही थी। सोमवार रात करीब 9 बजे पूनियों की प्याऊ सरहद पर लेगा गांव निवासी दो युवकों ने उसे पकड़ लिया। क्षेत्रवासियों के अनुसार दोनों ने उसके साथ ज्यादती की। इसकी भनक मिलने पर ग्रामीण उन्हें पकड़ने दौड़े, तो आरोपी अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़कर भाग निकले।



झंवर थानाधिकारी से इसकी शिकायत करने पर उन्होंने उनको ही वहां से डांट कर भगा दिया। जब मंगलवार सुबह भी इनकी सुनवाई नहीं हुई तो मेघलासिया व लोरड़ी गांव के करीब 30-35 लोग विक्षिप्त महिला को लेकर सायं 5 बजे एमडीएम अस्पताल पहुंचे। तब पुलिस की नींद उड़ी और शाम को एसएचओ भी अस्पतला पहुंचे।



यहां पर भी उन्होंने रिपोर्ट देने वालों को पुलिसिया अंदाज में धमकाते हुए जीप में बिठा दिया। साथ ही कहा-नेतागिरी की तो अंदर कर दूंगा। ‘भास्कर’ टीम के पहुंचने पर आखिरकार उन्होंने दोनों को छोड़ा। लोगों के बाद विरोध करीब चौबीस घंटे बाद खान श्रमिक बालूराम और चीमाराम के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज हुई।



सुध तक नहीं ली



विक्षिप्त महिला एमडीएम अस्पताल में भर्ती है। वह घटना के बाद बुरी तरह घबराई हुई है। उसकी सार—संभाल ग्रामीण कर रहे हैं, घटना के चौबीस घंटे बाद भी मंगलवार देर रात तक पुलिस ने उसकी सुध नहीं ली। न मेडिकल करवाया।

शिकायतकर्ता को पीटा



एसएचओ छह बजे खुद भी एमडीएम पहुंच गए। ग्रामवासियों ने जब उन्हें रिपोर्ट देकर उसकी प्रतिलिपि देने का आग्रह किया। इस पर भड़कते हुए उन्होंने लोरड़ी निवासी रिमझू खां पुत्र पठान खां को नेतागिरी नहीं करने की नसीहत देते हुए मारपीट की। लोगों ने इसका विरोध किया तो पुलिस ने रिमझू खां को जीप में धकेल दिया।



लोग राजनीति कर रहे हैं

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह फोन पर मिली। लोग यूं ही मामले को तूल दे रहे हैं, ग्रामीण राजनीति कर रहे हैं। सूचना के बाद तत्काल मौके पर थाने के एएसआई को भेज दिया गया, लेकिन किसी ने रिपोर्ट नहीं दी। शाम को एमडीएम परिसर में रिपोर्ट देकर वहीं पर एफआईआर दर्ज कर उसकी प्रतिलिपि देने की मांग करते हुए कुछ लोग बदसलूकी पर उतर आए। जबकि हमारा उद्देश्य सर्वप्रथम पीड़िता को राहत पहुंचाने का था। रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - मांगू खां, एसएचओ, झंवर



पीड़ित को न्याय मिलेगा



इस मामले की मुझे आज शाम ही जानकारी मिली है और मैंने तत्काल झंवर एसएचओ को कार्रवाई करने के निर्देश दे दिए। शिकायत कर्ता के साथ र्दुव्‍यवहार व पीड़िता की सुध नहीं लेने की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। - शरत कविराज (एसपी, ग्रामीण)

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: