Ludhiana
फ्लाईओवर निर्माण पर उठे सवाल
भास्कर न्यूज Thursday, October 08, 2009 02:01 [IST]  

लुधियाना. गिल रोड पर निर्माणाधीन फ्लाई ओवर पर सवाल उठे हैं। सवाल उठाए है लुधियाना लिंक रोड वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और पार्षद परमजीत सिंह सोमा ने। उठी अंगुलियों की वजह निर्माणाधीन पुल की गिरी स्लैब है। उक्त लोगों का आरोप है निर्माण कार्य में घटिया सामग्री इस्तेमाल में लाई जा रही है



जिस कारण मंगलवार की आधी रात पुल के लिए बनाई गई दीवार की कुछ स्लैब गिर गई, जबकि पुल बनवा रही कंपनी के इंजीनियर का तर्क है कि तकनीकी कारणों से आई गड़बड़ी को दूर करने के लिए यह स्लैब उन्होंने खुद गिरवाई है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने नगर निगम अधिकारियों पर भी मिलीभगत कर मामले को ठंडे बस्ते में डालने के प्रयास के आरोप लगाए हैं।



एसोसिएशन के पदाधिकारी राजीव सूद, बीके स्याल, रमनदीप बग्गा आदि ने बताया कि मंगलवार की रात करीब साढ़े 11 बजे स्लैब से बनाई गई दीवार का बड़ा हिस्सा टूट कर सड़क पर आ गिरा। वह तो भला हो कि रात के समय ट्रैफिक नहीं था। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। विनोद बटला और कुलदीप सिंह ने आरोप लगाया कि पुल के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल हो रहा है।



उनके मुताबिक एक दीवार का हिस्सा गिर चुका है और दूसरा गिरने को तैयार खड़ा है, जिसे कंपनी के कर्मचारियों ने रातों रात स्पोर्ट देकर किसी तरीके खड़ा कर रखा है। उधर, कंपनी के इंजीनियर जे.एस मठारू के मुताबिक दीवार गिरी नहीं, बल्कि उन्होंने खुद गिरवाई है। क्योंकि तकनीकी कारणों से कुछ गड़बड़ी आ गई है, जिसे ठीक करने के लिए दीवार के इस हिस्से को गिराना पड़ा।



इसी बीच पार्षद परमजीत सिंह सोमा भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने निगम अधिकारियों को फोन कर सारे वाकय से अवगत करवाया। थोड़ी देर बाद नगर निगम से बी एंड आर शाखा के एक्सईएन एच.एस खोसा मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्षद और एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बताया कि पुल के निर्माण कार्य में तकनीकी कारणों से खामियां आ गई थी।



यह उनके ध्यान में यह मामला शनिवार से है। यह सच है कि दीवार गिरी नहीं खुद गिराई गई है, ताकि गड़बड़ी को दूर कर पुल का निर्माण सही तरीके से करवाया जा सके। खोसा की इस बात पर पार्षद सोमा ने अधिकारी पर कंपनी का पक्ष लेने का आरोप लगाया, जिस कारण खोसा और सोमा में नोंक झोंक भी हो गई।



पार्षद और एसो. पदाधिकारियों ने कहा कि वे निर्माण कार्य को लेकर हो रही गड़बड़ियों की सीबीआई और विजिलेंस से जांच कराने के लिए निगम के वरिष्ठ अफसरों से मांग करेंगे।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: