जोधपुर. जोधपुर डिस्कॉम के सतर्कता दल ने बिजली चोरी रोकने के अभियान के तहत बुधवार को छापामारी की कार्रवाई के दौरान करीब पचास घरों से बिजली चोरी पकड़ने में सफलता हासिल की है। डिस्कॉम सतर्कता विभाग के पुलिस उपअधीक्षक अर्जुनसिंह राजपुरोहित ने बताया कि राधास्वामी सत्संग भवन के सामने पहाड़ी की तलहटी पर बसी जय कॉलोनी में लंबे समय से रोड लाइट के तार पर अंकोड़े डालकर बिजली चोरी की बात सामने आ रही थी।
इस पर बुधवार को टीम ने पुलिस, कनिष्ठ व सहायक अभियंताओं की सात टीमों का गठन कर एक साथ छापामारी की कार्रवाई की। इस दौरान टीम को वन विभाग की भूमि पर अवैध रूप से बनाए गए करीब 50 मकानों में बिजली चोरी मिली। टीम ने कई लोगों के कनेक्शन भी काटे और जिन घरों में लोग नहीं थे, उनके घरों के कनेक्शन काटकर बल्ब और लाइन जब्त कर ली।
विभागीय सूत्रों के अनुसार बिजली चोरी पकड़ने का एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। इन लोगों द्वारा बिजली चोरी नहीं रोकी गई और जुर्माना राशि जमा नहीं करवाई तो सतर्कता दल इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करेगा।