Jabalpur
मध्यान्ह भोजन खाने से बच्ची की मौत
भास्कर न्यूज Friday, October 09, 2009 07:49 [IST]  

जबलपुर. रेलवे सराय स्कूल नम्बर-2 की कक्षा पहली में अध्ययन करने वाली छात्रा वैशाली कोल (तनु) की मौत होने पर परिजनों ने आरोप लगाया है कि बच्ची की मौत मध्यान्ह भोजन खाने व शाला का दूषित पानी पीने से हुई है।



आज इस मामले को लेकर बच्ची के परिजनों ने स्कूल में प्रदर्शन किया। उनकी मांग थी कि छात्रा की मौत स्कूल प्रबंधन की लापरवाही के कारण हुई है, इसलिए शाला की हैड मास्टर को निलम्बित किया जाकर मध्यान्ह भोजन वितरण करने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाए। बच्ची की मौत को लेकर मचे बवाल के बाद पुलिस ने मामले को जांच में लिया है।



उधर, घटना की सूचना लगने पर जिला पंचायत अधिकारियों ने स्कूल पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। रेलवे सराय स्कूल में प्रदर्शन कर रहे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड की छुई खदान बस्ती में रहने वाले मृत बच्ची के पिता विनोद कोल ने आरोप लगाया कि उनकी बच्ची वैशाली मध्यान्ह भोजन खाकर बीमार हुई थी और उसकी मृत्यु हो गई।



उन्होंने आशंका जताई कि शाला में दूषित पानी के कारण भी मृत्यु होने से इनकार नहीं किया जा सकता। उधर, पालक शिक्षक संघ की उपाध्यक्ष कामता गोंटिया का कहना था कि उन्होंने पहले ही आशंका जताई थी कि स्कूल की पानी की टंकी की साफ-सफाई नहीं की जाती। जिसके कारण कभी भी कोई न कोई गंभीर हादसा हो सकता है, उन्होंने मध्यान्ह भोजन में गड़बड़ी होने का भी आरोप लगाते हुए मामले की जांच की मांग की।



उलझ गया मामला



रेलवे सराय स्कूल के हैड मास्टर ममता मजूमदार का कहना है कि उक्त छात्रा कई दिनों से स्कूल ही नहीं आ रही थी। ऐसी स्थिति में उसे मध्यान्ह भोजन दिया ही नहीं गया। अगर मध्यान्ह भोजन में गड़बड़ी होती तो इसका असर अन्य बच्चों पर भी पड़ता। हैड मास्टर के इस बयान और शिक्षिका के बयान अलग-अलग होने के कारण पूरा मामला उलझ गया है।



रेलवे सराय स्कूल में मध्यान्ह भोजन वितरण में गड़बड़ी और भोजन करने से पहली कक्षा की छात्रा वैशाली की मृत्यु होने के मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में मध्यान्ह भोजन गड़बड़ी नहीं होने और गुणवत्तापूर्ण भोजन वितरण किए जाने के तथ्य मिले हैं।



-आरडी प्रजापति, परियोजना अधिकारी, जिला पंचायत



परिजनों द्वारा मध्यान्ह भोजन में गड़बड़ी और स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही बरते जाने का आरोप लगाया है। परिजनों की शिकायत पर मामले की जांच के लिए ब्यौहारबाग संकुल प्राचार्य संध्या अग्निहोत्री को जांच के लिए निर्देशित किया गया है।



रवीन्द्र सिंह डीईओ

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: