जबलपुर. साहब, मेरे 13 साल के बेटे को खमरिया थाने का सिपाही रास्ते से उठा कर ले गया है। वह अब धमकी दे रहा कि जब तक उसके विरुद्ध एसपी से की गई शिकायत वापस नहीं ली जाती, तब तक वह मेरे बेटे को नहीं छोड़ेगा। खमरिया टाइप टू निवासी माया बाई सेन की यह शिकायत सुनकर एसपी ऑफिस में मौजूद पुलिस कर्मी एक बारगी चौंक गए।
महिला ने अपनी पीड़ा एसपी को भी सुनाई। उसका आरोप है कि पुलिस कर्मी द्वारा उसके परिवार को बेवजह प्रताड़ित किया जा रहा है। क्षेत्र की महिलाओं के साथ एसपी ऑफिस पहुंची माया सेन ने बताया कि खमरिया थाने का एक सिपाही पहले उसके पति पंचम सेन को परेशान कर रहा था। ऐसा न करने के बदले वह 10 हजार रुपए मांग रहा था। इस बात की शिकायत माया ने एसपी से की थी, इसके बाद आरक्षक शांत हुआ।
हस्ताक्षरित शिकायत में माया ने उल्लेख किया है कि 7 अक्टूबर को उसका बेटा अरुण स्कूल जा रहा था, उसी दौरान रास्ते से खमरिया थाने का वही आरक्षक उसे उठाकर ले गया और अरुण को थाने में बंद कर दिया। अब आरक्षक यह धमकी दे रहा है कि जब तक माया दस हजार रुपए की मांग संबंधी शिकायत एसपी ऑफिस से वापस नहीं लेगी, तब तक वह उसके पुत्र को नहीं छोड़ेगा।
अरुण कक्षा 6वीं का छात्र है। माया का आरोप है कि थाना प्रभारी केएस ठाकुर कुछ सुनने तैयार नहीं हैं। दो दिन से उसका पुत्र थाने में है। माया ने एसपी से बच्चे को मुक्त कराने तथा संबंधित आरक्षक पर अपहरण का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। उधर, इस मामले की जानकारी के लिए खमरिया थाना प्रभारी श्री ठाकुर से सम्पर्क किया गया, लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो पाए।