पिपलौदा. समीपस्थ ग्राम अंगेठी में पानी से भरी टंकी में डूबने से दो वर्षीय बालक की मौत हो गई। बच्च खेलते समय टंकी पर चढ़ने का प्रयास कर रहा था तभी संतुलन बिगड़ने से वह टंकी में गिर गया।
पुलिस के अनुसार अंगेठी निवासी देवीराम गुर्जर का 2 वर्षीय पुत्र रवि बुधवार दोपहर को घर में ही खेल रहा था। खेलते समय वह एक तरफ रखी पानी से भरी टंकी के पास जा पहुंचा और उस पर चढ़ने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सिर के बल टंकी में जा गिरा।
करीब एक घंटे तक वह टंकी में ही पड़ा रहा। जब वह दिखाई नहीं दिया तो परिजन तलाश करने लगे तो पता चला कि बालक टंकी में पानी में डूब गया है। परिजन ने रवि को टंकी में से निकाला और रतलाम जिला अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।