अलवर . जिले में दीपावली पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एडीएम (शहर) सहित 27 आरएएस व आरटीएस अधिकारियों को मजिस्ट्रेट लगाया गया है। जिला कलेक्टर कुंजीलाल मीणा ने शुक्रवार को आदेश जारी कर एडीएम (शहर) को कोतवाली, शिवाजी पार्क, अरावली विहार थाना क्षेत्र का, अलवर तहसीलदार को एमआईए व सदर थाना क्षेत्र, सहायक कलेक्टर अलवर को होप सर्कस अस्थाई पुलिस कंट्रोल रूम और एसडीएम को पूरे उपखंड क्षेत्र अलवर का मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है। ये अधिकारी 15 से 19 अक्टूबर तक धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कानून-व्यवस्था पर नजर रखेंगे।
इसी प्रकार रामगढ़, थानागाजी, राजगढ़, लक्ष्मणगढ़, कठूमर, किशनगढ़बास, मुंडावर, तिजारा, कोटाकासिम, बानसूर व बहरोड़ के उपखंड अधिकारी संबंधित उपखंड क्षेत्र के, बहरोड़ के सहायक कलेक्टर को नीमराना उपतहसील क्षेत्र का, थानागाजी, रामगढ़, मुंडावर, कोटकासिम, बहरोड़ व बानूसर के तहसीलदार को संबंधित तहसील क्षेत्र का मजिस्ट्रेट लगाया गया है। उपतहसील रैणी के लिए राजगढ़ तहसीलदार, गोविंदगढ़ उपतहसील क्षेत्र के लक्ष्मणगढ़ तहसीलदार, खेड़ली थाना क्षेत्र के कठूमर तहसीलदार, खैरथल थाना क्षेत्र के किशनगढ़बास तहसीलदार और भिवाड़ी थाना क्षेत्र के तिजारा तहसीलदार मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।