अलवर. राजस्थान बार कौंसिल के 25 सदस्यों के लिए हुए चुनाव में शुक्रवार को यहां 886 वकीलों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।निर्वाचन अधिकारी और जिला अभिभाषक संघ के अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि सुबह साढ़े नौ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक शांतिपूर्ण मतदान हुआ। कुल 1384 मतदाताओं में से 886 ने कचहरी परिसर में स्थित लाइब्रेरी हॉल में मतदान किया। राजस्थान बार कौंसिल के सदस्यों के चुनाव में प्रदेश में 110 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं जिनमें से अलवर जिले के 5 प्रत्याशी भूपसिंह पोसवाल, रविकिरण माथुर, दिलीपसिंह जादौन, अशोक यादव और मनु भार्गव शामिल हैं। शर्मा ने बताया कि मतपेटी को जोधपुर भेजा जाएगा और एक महीने बाद चुनाव परिणाम की घोषणा होगी।