Bhilwara
भीलवाड़ा में नरेगा के सोशल ऑडिट की नई इबारत आज
विशेष संवाददाता Saturday, October 10, 2009 03:10 [IST]  

भीलवाड़ा. सूचना के अधिकार के बाद राजस्थान शनिवार को नरेगा की सोशल ऑडिट की नई इबारत लिखने वाला देश का पहला राज्य बनने जा रहा है। इस ऐतिहासिक काम की गवाह बनेगी भीलवाड़ा की 11 पंचायतें। इनमें देश के विभिन्न हिस्सों से आए करीब ढाई हजार कार्यकर्ता नरेगा में 2008-09 के दौरान हुए काम-काज का लेखा-जोखा ग्राम सभा के माध्यम से गांव की जाजम पर जांचेंगे। इसके लिए सोशल ऑडिट दल के पदयात्री पहुंचे चुनी हुई पंचायतों में पहुंच चुके हैं।



इन लोगों ने पिछले 5 दिनों में 135 दल बनाकर 381 पंचायतों और 1600 गांवों के डेढ़ लाख नरेगा श्रमिकों से सीधा संवाद किया। सोशल ऑडिटिंग का यह अभियान मजदूर किसान शक्ति संगठन के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारियों की मौजूदगी में हो रहा है। जिले की सभी 11 पंचायत समितियों में एक-एक पंचायत का चयन गत 22 सितंबर को जिला परिषद की बैठक में लॉटरी के जरिए किया गया था।



जिले की सभी 381 ग्राम पंचायतों में पदयात्रा के बाद सोशल ऑथ्डट अंकेक्षण दलों द्वारा चिन्हित पंचायत मुख्यालयों पर सार्वजनिक रूप से अंकेक्षण शनिवार सुबह 11 बजे शुरू होगा। ग्राम सभा में ग्रामीण अधिकारियों व जन प्रतिनिधियों से जान सकेंगे कि उनके क्षेत्र में कहां कितना पैसा खर्च हुआ। भविष्य में रोजगार दिलवाने के लिए उनके पास क्या योजनाएं है। गौरतलब है कि देश में पहली बार भीलवाड़ा में हो रहे इस तरह के अंकेक्षण के लिए देश भर से आए दो हजार से अधिक स्वंयसेवक गत आठ दिन से जिले में पदयात्रा आदि से जागृति फैला चुके हैं।



इन पंचायतों का होगा ऑडिट नरेगा का सामाजिक ऑडिट पंचायत समिति मांडलगढ़ के खाचरोल, रायपुर के देवरिया, हुरड़ा के तस्वारिया, मांडल के गोवर्धनपुरा, बनेड़ा के बरण,शाहपुरा के डाबला-कचरा, सहाड़ा के लाखोला, सुवाणा के खेमाणा, जहाजपुर के टीटोड़ी, कोटड़ी के बड़लियास, आसींद के परा ग्राम पंचायत पर किया जाना है।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: