जोधपुर. चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर संख्या 14 में शुक्रवार को 125 से अधिक घरों में हाई वोल्टेज आने से बिजली के उपकरण जल गए। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के सेक्टर संख्या 14 स्थित सांखला स्टूडियो के पास दोपहर करीब सवा तीन बजे डिस्कॉम में ठेके पर काम करने वाले कर्मचारी नया खंभा लगा रहे थे।
इसके लिए पूरे क्षेत्र में सुबह से ही विद्युत आपूर्ति बंद की हुई थी। खंभा लगाने के बाद ठेकाकर्मियों ने उसको मेन लाइन से जोड़कर जैसे ही करंट चालू किया, अचानक खंभे पर लगे तारों में जोरदार धमाका हुआ। इससे क्षेत्र के करीब सवा सौ घरों में कूलर, टेलीविजन, फ्रिज, कंप्यूटर, पंखे, ट्यूबलाइट, बल्ब आदि जल गए। बिजली उपकरणों के एकाएक जलने और धमाके की आवाज सुनकर मोहल्ले के लोग घरों से बाहर आए। उन्होंने ठेकाकर्मियों से इसका कारण पूछा तो वे सकपका गए।
इससे कुछ लोगों को गुस्सा आ गया और उन्होंने ठेकाकर्मियों से मारपीट शुरू कर दी। मोहल्ले के बुजुर्गो ने बीचबचाव कर उन्हें छुड़ाया। साथ ही धमाके व विद्युत उपकरण जलने के संबंध में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सब स्टेशन और चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में शिकायत की। घटना के करीब एक घंटे बाद चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सब स्टेशन के कनिष्ठ अभियंता अपनी साथ टीम लेकर आए और लोगों से इसका कारण पूछ एस्टीमेट बनाना शुरू किया।
इस बीच आक्रोशित जनता ने क्षेत्रीय विधायक श्रीमता सूर्यकांता व्यास को सूचित किया तो वे भी आ गईं। उन्होंने उच्च अधिकारियों को फोन कर लोगों को आवश्यक मुआवजा देने के निर्देश दिए। इस पर अधिकारियों ने कहा कि एस्टीमेट बनाकर उचित मुआवजा देने की कोशिश की जाएगी।
टीपी ने बचाया
क्षेत्र के कुछेक घरों में बिजली सप्लाई को व्यवस्थित रखने के लिए टीपी लगी हुई थी, जिससे वहां नुकसान नहीं हुआ। यह घटना होते ही लोगों के घरों में लगी टीपी अपने आप ऊपर हो गई, इससे लोगों का बड़ा नुकसान होने से बच गया।