जोधपुर. सबसे बड़े त्योहारी सीजन में खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। जोधपुर के बाजारों में ग्राहकों की भीड़ बढ़ रही है। प्रॉपर्टी और वाहन विक्रेताओं के यहां बुकिंग कराने वाले का तांता लगा हुआ है, इनमें ज्यादातर पुष्य नक्षत्र व धनतेरस पर डिलीवरी लेंगे।
वहीं इलेक्ट्रॉनिक बाजार में लोग टीवी, फ्रिज, एसी, वाशिंग मशीन पर चल रही स्कीम व रेट की ट्राई कर खरीदारी कर रहे हैं या टोकन मनी देकर बुक करा रहे हैं। दीपावली व उसके बाद आने वाले सावों की खरीदारी शुरू होने से ज्वैलरी व कपड़े वालों की ग्राहकी जोरों पर हैं। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि दीपावली से पहले का हर दिन वैसे तो खरीदारी के लिए अच्छा माना गया है, लेकिन मान्यता के कारण लोग सोमवार को आने वाले पुष्य नक्षत्र और गुरुवार को धनतेरस के लिए बुकिंग करा रहे हैं।
बाजार में इन दिनों दुपहिया, पैसेंजर गाड़ियों, लोडिंग वाहन, ज्वैलरी, छोटे मकानों व भूखंड, इलेक्टॉनिक आइटमों और बर्तनों की अच्छी डिमांड है। मांग बढ़ने के कारण लोडिंग वाहनों की इन दिनों कमी चल रही है।
लोडिंग वाहनों की हो गई कमी
के.एस. मोटर्स के महाप्रबंधक एनएल बड़ाया ने कहा कि वर्तमान में उनके यहां मेक्सी सीबी, मेक्सी ट्रक व मेजर गाड़ी की कमी चल रही है। दीपावली सीजन पर इनकी करीब 200 से 225 के बीच मांग रहेगी। लेकिन सप्लाई केवल 70 या 80 गाड़ियों की रहने की उम्मीद है। शेष को दीपावली बाद ही डिलीवरी देना संभव हो सकेगा। पैसेंजर गाड़ियों का स्टॉक पर्याप्त है।
प्रतिदिन 150 दुपहिया वाहनों की बुकिंग
पीएल मोटर्स के जीएम दीपक कटारा का कहना है कि लोगों में दुपहिया वाहन खरीदने के प्रति काफी उत्साह है। शहर में पुष्य नक्षत्र व धनतेरस के लिए अनुमानित 150 दुपहिया वाहनों की बुकिंग प्रतिदिन हो रही है। कटारा ने कहा कि बुकिंग कराने वालों से दुगुने ग्राहक ऐसे होते हैं, जो उस दिन तुरंत डिलीवरी लेते हैं। फिलहाल पर्याप्त स्टॉक है, लेकिन उस दिन अगर एक साथ मांग ज्यादा आई तो कई मॉडलों की कमी हो सकती है।
शादियों की खरीदारी भी हो गई शुरू
दीपावली के बाद सोने चांदी के दाम बढ़ने की अटकलों को देखते हुए लोगों ने अभी से ही सावों की खरीदारी भी प्रारंभ कर दी है। सर्राफा ट्रेडर्स कमेटी के सदस्य संत कुमार खंडाका ने बताया कि देवउठनी एकादशी से सावों की शुरुआत हो जाएगी। लोग दीपावली से सावों की खरीदारी करना शुभ मानते हैं। ऐसे में अभी वर और वधु को दिए जाने वाले ज्वैलरी आइटमों की अच्छी बिक्री है।
छोटे भूखंडों की ओर लोगों का रुझान ज्यादा
टाउनशिप डवलपर्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (टोडार) के अध्यक्ष अशोक अग्रवाल का कहना है कि लोग वर्तमान में 2500 से 3500 रुपए प्रतिवर्ग गज रेट वाले भूखंड खरीदना चाह रहे हैं। उनका रुझान 200 से 250 वर्ग गज के भूखंड़ों की और ज्यादा है। वर्तमान में पुष्य नक्षत्र व धनतेरस के लिए इन भूखंड़ों की अच्छी बुकिंग चल रही है।
दीपावली बाद नहीं मिलेगी स्कीम
शोरुम में वाशिंग मशीन खरीदने पहुंचे रातानाडा निवासी राकेश ने कहा कि त्योहार पर नया आइटम घर में लाना बहुत शुभ माना जाता है। अभी वाशिंग मशीन पर स्क्रेच कार्ड की स्कीम चल रही है जिसमें रीबॉक की घड़ी या माइक्रोवेव निकल सकता है। दीपावली बाद यह स्कीम नहीं मिलेगी। इसलिए अभी खरीदने से स्कीम का लाभ भी मिलेगा और त्योहार का शगुन भी पूरा होगा।
कार खरीदने का बेहतरीन मौका
फतेहसागर निवासी मोहनलाल शुक्रवार को एमआई रोड स्थित शोरूम में कार खरीदने पहुंचे। कई मॉडल देखने के बाद आखिर उन्हें स्कॉर्पियो पसंद आई। सैनी ने बताया कि वाहन कंपनियां आगे रेट बढ़ा सकती हैं। इसलिए वाहन खरीदने के लिए इस सीजन से अच्छा मौका फिर नहीं मिलेगा।