जोधपुर. वकीलों की सर्वोच्च संस्था बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के 25 सदस्य चुनने के लिए शुक्रवार को हुए मतदान में जोधपुर के 3 हजार दो अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
जोधपुर में कुल 71.6 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। बाड़मेर जिले में 286 मतदाताओं में से 274 तथा ंजैसलमेर में 87 में से 74 ने मतदान में हिस्सा लिया। पाली, जालोर व सिरोही सहित संभाग के अन्य जिलों में अधिवक्ताओं के उत्साह के साथ मतदान किया। पूरे राजस्थान में पड़े वोटों की गिनती 23 अक्टूबर को जोधपुर में शुरू होगी। राज्य की ग्यारहवीं बार काउंसिल के चुनाव के लिए शुक्रवार को राजस्थान हाईकोर्ट परिसर में बने तीन बूथों पर सुबह 9 बजे शुरू हुआ मतदान शाम 5.30 बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से चला।
मतदान के प्रति उत्साह का यह आलम था कि निर्धारित समय से पहले ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता मतदान केंद्रों के बाहर कतार में खड़े दिखाई दिए। यह सिलसिला मतदान की समाप्ति तक चलता रहा। अलग अलग गुटों में बंटे अधिवक्ता अपनी पसंद के उम्मीदवारों के लिए अंतिम समय तक लॉबिंग करते नजर आए। आम दिनों में अदालत में प्रेक्टिस नहीं करने वाले एवं वर्षो से प्रेक्टिस छोड़ कर अन्य किसी क्षेत्र से जुड़े अधिवक्ताओं के साथ ही रिटायर्ड लाइफ जी रहे कई बुजुर्ग एवं सीनियर अधिवक्ता भी मतदान के लिए हाईकोर्ट परिसर में दिखाई दिए।
इन्होंने भी किया मतदान
वरिष्ठ अधिवक्ता मरुधर मृदृल, मुरलीधर पुरोहित, अतिरिक्त महाधिवक्ता आनंद पुरोहित,बुजुर्ग केवलचंद समदड़िया, काशीनाथ जोशी, रामरख व्यास ड्रेस कोड में तथा बुजुर्ग अधिवक्ता सोहनलाल सोनी धोती कुर्ता और साफे में वोट देने आए। पूर्व विधायक बन्नेसिंह राठौड़ साफे में तथा ठेकेदार जगदीश भाटी व उपेंद्र दवे कुर्ते पायजामे में वोट देने आए। हस्तीमल सारस्वत, एडवोकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष रणजीत जोशी,मगन बिस्सा सहित 3 हजार 2 नए पुराने अधिवक्ताओं ने मतदान में हिस्सा लिया। बूथों पर बड़ी संख्या में महिला एवं युवा अधिवक्ता भी कतारों में खड़ी देखी गईं। तीनों बूथों पर माकूल बंदोबस्त
हाईकोर्ट परिसर में बने तीनों बूथों के आगे आम चुनावों की तर्ज पर बल्लियां लगाई गई थी। इन बूथों पर पुलिस का माकूल बंदोबस्त किया गया था। मतदान करने जा रहे अधिवक्ता का नाम व मतदाता संख्या माइक में पुकारने के बाद उन्हें बूथ में प्रवेश दिया जा रहा था। मतदान पर्ची देने से पहले मतदाता अधिवक्ता से उनका आई कार्ड देखने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था।
किस बूथ पर कितने मतदाता
जोधपुर हाईकोर्ट परिसर में बूथ नंबर एक पर वर्ष 1995 से पहले के कुल 1167 मतदाताओं के लिए मतदान की व्यवस्था थी। बूथ नंबर दो पर 1996 से 2004 तक के पंजीकृत 1762 मतदाताओं तथा बूथ संख्या तीन पर वर्ष 2005 से अब तक पंजीकृत 1687 मतदाताओं के मतदान की व्यवस्था थी। बूथ नंबर दो पर शाम 5 बजे तक लंबी कतारों को देखते हुए वहां के कुछ मतदाताओं को एक नंबर बूथ पर मतदान के लिए भेजा गया।
पूरे संभाग में मतदान के प्रति उत्साह
जिले के बिलाड़ा मतदान केंद्र पर 35 तथा फलौदी मतदान केंद्र पर अधिवक्ताओं ने मताधिकार का प्रयोग किया। संभाग के बाड़मेर जिले में 286 में से 274 तथा ंजैसलमेर में 87 में से 74 वकीलों ने मतदान में हिस्सा लिया।