बीकानेर. राज्य के कृषि और जिले के प्रभारी मंत्री हरजीराम बुरड़क ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नरेगा में लगे श्रमिकों को दीपावली से पूर्व तीस सितम्बर तक का भुगतान कर दिया जाए।
बुरड़क ने शुक्रवार को जिला स्तरीय अधिकारियों की विकास एवं विभागवार कार्यो की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने बताया कि राजस्थान ने अक्टूबर 2009 में 2200 श्रमिकों को नियोजित करने की स्वीकृति प्रदान की है। बिजली-पानी की सुचारु सप्लाई रखने तथा कच्ची बस्तियों में नाली निर्माण जैसे लोगों के मूलभूत आवश्यकता वाले कार्यो को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी प्रभारी मंत्री ने दिए।
उन्होंने कहा कि नगर विकास न्यास कच्ची बस्तियों में जल निकासी व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करे। बैठक में बुरड़क को विभागीय अधिकारियोंे ने बताया कि स्वास्थ्य चेतना यात्रा में अब तक ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर 162 चिकित्सा शिविर लगाकर करीब सत्तर हजार रोगियों का निशुल्क उपचार किया जा चुका है।
नरेगा में वर्तमान में 25 हजार कार्य स्वीकृत किए गए हैं तथा इस पखवाड़े में 73 हजार 500 श्रमिक काम पर लगे हैं। इसके अलावा अकाल के मुद्दे बोलते हुए प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्र जहां डीजल जेनरेटर लगाए जाएं। वहां पर पावर जेनरेटर लगाने के निर्देश दिए। जिले में पेयजल के लिए राज्य सरकार द्वारा शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 34 नए नलकूपों का निर्माण करने स्वीकृति दी गई है, इनमें से 25 ग्रामीण क्षेत्रों में होंगे।
विद्युत निगम के अभियंताओं ने बताया कि जिले में किसानों को कृषि कनेक्शनों पर तीन पारी में साढ़े छह घंटे बिजली सप्लाई की जा रही है। बुरडक ने अवैध जिप्सम के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर श्रेया गुहा ने जिले से डेंगू बुखार पर भी निगरानी रखने को कहा। बैठक में ग्रामीण विकास, कृषि , रसद, समाज कल्याण, इंदिरा गांधी नहर, खनिज, वन, आयुर्वेद सहित अन्य विभागों के कार्यो की समीक्षा की गई।