कोटा. कोटा के मोहन टॉकीज रोड स्थित साइमन प्लाजा मार्केट में कपड़े के शोरूम में शुक्रवार को सर्वे के दौरान सेल्स टैक्स विभाग के अधिकारियों को व्यापारियों ने जमकर पीटा। दो अधिकारियों ने एक दुकान में शरण ली तो व्यापारियों ने उन्हें भीतर बंद कर बंधक बना लिया। पुलिस ने अधिकारियों को छुड़वाने का प्रयास किया, तो व्यापारियों ने पथराव कर दिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसमें एक व्यापारी सहित कुछ लोगों को चोटें आइर्ं। आसपास के बाजार भी बंद रहे।
पुलिस व व्यापारियों के अनुसार सेल्सटैक्स विभाग के सीटीओ आरपी पारीक के नेतृत्व में एसीटीओ महेश आमेरा व सीपी पारीक, इंस्पेक्टर जी डिसिल्वा, राजेन्द्र शर्मा व अन्य अधिकारी शुक्रवार को साइमन प्लाजा में सर्वे करने गए थे। जब अधिकारी कपड़े के शोरूम कंचन सलेक्शन पर कार्रवाई कर रहे थे, उसी दौरान दोनों पक्षों में विवाद हो गया। सेल्सटैक्स अधिकारियों का कहना है कि वहां गड़बड़ी पाई गई थी, जिसकी 4 लाख रुपए पैनल्टी बन रही थी। व्यापारी इसे देना नहीं चाह रहा था। वहीं फर्म मालिक रमेश मित्तल के बहनोई सतीश गोयल का कहना है कि अधिकारी रिश्वत मांग रहे थे। चार लाख रुपए में से आधे की रसीद व आधा जेब में रखने की बात कर रहे थे। जब उसने विरोध किया तो एक अधिकारी ने उसकी गिरेबान पकड़ ली। बीच बचाव करने आए पड़ोसी दुकानदार नरेंद्र अग्रवाल की जेब से रसीदे छीन ली।
यह घटना देख आसपास के व्यापारी वहां जमा हो गए और उनका आक्रोश फूट पड़ा। व्यापारियों ने अधिकारियों पर हमला बोल दिया। उनकी जमकर पिटाई कर दी। अचानक बदली परिस्थिति देख अधिकारी वहां से भागे। दो अधिकारी जी डिसिल्वा व महेश आमेरा सामने जेपी मार्केट में स्थित एक्सीलेंट टेलर की दुकान में घुस गए। व्यापारी भी वहां पहुंच गए और दोनों को बाहर निकालने के लिए हो हल्ला करने लगे। व्यापारियों ने उस दुकान के कांच तोड़ दिए। दुकान का शटर बंद कर दिया। एक अधिकारी सीपी पारीक सर्राफा मार्केट की तरफ से भागने लगा तो व्यापारियों ने उसे वहां दबोच लिया और सड़क पर पटक कर बुरी तरह पीटा।
इसी बीच डीएसपी योगेन्द्र फौजदार व हनुमान मीणा तथा आसपास के सभी थानों कैथूनीपोल, राममुरा, मकबरा, कुन्हाड़ी व नयापुरा के सीआई पुलिस बल व आरएसी के जाब्ते के साथ मौके पर पहुंच गए। व्यापारी दुकान में बंद अधिकारियों को बाहर नहीं निकालने दे रहे थे । उनकी मांग की थी कि उपायुक्त सोहनलाल शर्मा मौके पर आए। उनसे वार्ता के बाद ही अधिकारियों को आजाद करेंगे। पुलिस लाठीचार्ज में कांग्रेस नेता पंकज मेहता, ईश्वर गंभीर, व्यापारी विनोद कुमार सहित कई लोगों के मामूली चोटें आई।