Gwalior
बलि से बचा वैज्ञानिक
भास्कर न्यूज Saturday, October 10, 2009 07:13 [IST]  

baliग्वालियर. रक्षा मंत्रालय के प्रतिष्ठित रक्षा अनुसंधान एवं विकास संस्थान में एक जूनियर वैज्ञानिक ने अपने सीनियर पर तंत्र-मंत्र के लिए उनकी बलि देने की कोशिश का सनसनीखेज आरोप लगाया है।



6-7 अक्टूबर की दरम्यानी रात को हुई घटना की शिकायत लेकर जूनियर वैज्ञानिक शुक्रवार की रात अपने परिजनों के साथ पुलिस के पास पहुंचे। पुलिस ने उनके शरीर पर चोटों के निशान का मेडिकल परीक्षण कराकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में संस्थान की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।



पुलिस के पास पहुंची शिकायत में जूनियर वैज्ञानिक डॉ. सुशील कुमार शर्मा की पत्नी श्रद्धा शर्मा ने कहा है कि पति डॉ. सुशील को उनके सीनियर वैज्ञानिक डॉ. एम. कामेश्वर राव ने स्वास्थ्य खराब होने की बात कहते हुए 6 अक्टूबर की रात अपने घर बुलाया था। रात लगभग 11 बजे सुशील जब कामेश्वर के घर पहुंचे तब वहां डॉ. एएसएसवी भास्कर व कामेश्वर पूजा कर रहे थे। पूजा कर रहे दोनों वैज्ञानिकों ने सुशील से वहीं सो जाने को कहा। डॉ. भास्कर लगभग एक घंटे वहां रूके, दोनों क्षेत्रीय भाषा में मंत्र भी पढ़ रहे थे।



रात करीब 12 बजे सुशील पर पानी के छींटे पड़ने से उनकी नींद खुली, तब कमरे की लाइट बंद थी और दोनों वैज्ञानिक उनके पास खड़े थे। एक के हाथ में चाकू जैस हथियार था जिससे उन्होंने हमला करने की कोशिश की। झूमाझटकी में डॉ. कामेश्वर के हाथ से चाकू छूट गया और वे गिर पड़े। सुशील ने दरवाजे की कुंदी खोलने की कोशिश की लेकिन दोनों ने उसे पकड़ लिया।



डा. सुशील का कहना है कि उनके चीखने पर कॉलोनी के गार्ड आ गए और उन्होंने दरवाजा खटखटाया, तब जाकर वे किसी तरह छूट पाए। बाहर भागते हुए उन्हें कालोनी के कर्नल वीएन भारद्घाज, केशव सोनी, डॉ. संतोष एस आर मिल गए, इन सभी ने थाने में रिपोर्ट करने की सलाह दी।



तीन दिनों बाद रिपोर्ट करने को लेकर डा. सुशील का कहना है कि उन्हें धमकी दी गई थी। इस संबंध में संस्थान के निदेशक डा. आर. विजय राघवन और डा. कामेशवर राव से संस्थान के टेलीफोन नंबरों पर बात करने की कोशिश की गई लेकिन वे उपलब्ध नहीं हो सके।



डा. सुशील की पत्नी डा. श्रद्धा शर्मा ने शिकायत की है कि उनके पति की तंत्र-मंत्र के उद्देश्य से हत्या करने की कोशिश की गई है। मामले की विस्तत जांच की जा रही है।



मनोहर वर्मा एडीशनल एसपी।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: