जबलपुर. सदर के गली नंबर एक की बीच सड़क पर चल रही सब्जी मंडी को लेकर आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लाल स्कूल में आयोजित वार्ड नंबर 4 के जनसमस्या निवारण शिविर में जमकर हंगामा मचाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि सब्जी मंडी की आड़ में बनाए गए अवैध टपरों को तुरंत अलग किया जाए और सब्जी बेचने वालों को गुमटी बनाकर दी जाए।
केन्ट सीईओ केजेएस चौहान ने आश्वासन दिया कि सब्जी बाजार को दीपावली के बाद व्यवस्थित किया जाएगा। लाल स्कूल में आयोजित शिविर में आज कांग्रेस के सुरेन्द्र यादव, प्रमोद तिवारी, मोहित अग्रवाल, ज्ञानचंद कश्यप, राजेश गुप्ता, संजय साहू, भीमसेन, सत्यभामा पिल्ले, शिवराज पिल्ले, राहुल कुरील, गुलाब ठाकुर ने पहुंचकर जमकर हंगामा मचाया।
उनका कहना था कि गली नंबर एक में बीच सड़क पर सब्जी मंडी चल रही है। सब्जी मंडी की आड़ में दर्जनों लोगों ने अवैध रूप से टपरे बना लिये हैं। टपरों से असामाजिक गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। सब्जी मंडी की वजह से रोजाना ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कुओं की सफाई, खम्भताल की सफाई एवं हैण्डपंप लगाने की भी मांग की है।