Ganga Nagar
भाखड़ा को 25 नवंबर तक मिलेगा 1200 क्यूसेक पानी
Bhaskar News Sunday, October 11, 2009 01:06 [IST]  

हनुमानगढ़. भाखड़ा प्रणाली पर भी संकट के बादल मंडराने लगे हैं।



अब भाखड़ा की करणीसिंह व सादरुल ब्रांच को 25 नवंबर तक ही 1200 क्यूसेक पानी मिलेगा। यह निर्णय शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर रविकुमार एस की अध्यक्षता में हुई भाखड़ा रेग्यूलेशन कमेटी की बैठक में लिया गया। 20 नवंबर को कमेटी की पुन: बैठक होगी।



इसमें 25 नवंबर के बाद उपलब्ध पानी के आधार पर रेग्यूलेशन घोषित किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर रविकुमार सुरपुर ने कहा कि भाखड़ा बांध का लेवल काफी कम है। बांध में आवक से ज्यादा वर्तमान में पानी की निकासी हो रही है। इससे बांध का जल स्तर घटना शुरू हो गया।




ऐसे में भाखड़ा प्रणाली को 850 क्यूसेक पानी मिल पाएगा। इसका कमेटी के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने विरोध किया। सदस्यों ने कहा कि एक अक्टूबर को हुए निर्णय को किसी भी हालत में बदलने नहीं देंगे। 850 क्यूसेक पानी मिलने से नहरों को तीन ग्रुपों में विभक्त करना पड़ेगा। इससे किसानों को दो सप्ताह बाद एक बारी पानी मिल पाएगा जिससे रबी फसल की बिजाई नहीं हो पाएगी।



जिला प्रमुख राजेंद्र मक्कासर ने कहा कि एक अक्टूबर को हुई बैठक में बांध के जल स्तर के मुताबिक ही निर्णय किया गया था। एक सप्ताह बाद ही रेग्यूलेशन बदलना किसानों के साथ अन्याय है।




जल संसाधन वृत हनुमानगढ़ के एसई रजनीकांत ने पानी का पूर्ण विवरण प्रस्तुत किया। इस पर 25 नवंबर तक भाखड़ा को 1200 क्यूसेक पानी देने पर सहमति बनी। 20 नवंबर को रेग्यूलेशन कमेटी की पुन: बैठक कर 25 नवंबर के आगे का रेगुलेशन तय किया जाएगा।



बैठक में सादुलशहर के विधायक संतोष सहारण, सादुलशहर पंचायत समिति प्रधान जसवंतसिंह, भाखड़ा संघर्ष समिति अध्यक्ष अशोक चौधरी, रतनपुरा माइनर के अध्यक्ष बृजमोहन भादू, भारतीय किसान संघ के जिला महामंत्री विनोद धारणियां, भारतीय किसान संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष शिवकुमार कड़वासरा, सूरतगढ़ पंचायत समिति प्रधान सुशीलादेवी मांगलिया, कार्यवाहक एडीएम (प्रशासन) रतनसिंह लांबा आदि मौजूद थे।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: