Pali
रेबारी समाज में आक्रोश, आज सुंधा माता में सम्मेलन
Bhaskar News Sunday, October 11, 2009 01:42 [IST]  

पाली/भीनमाल. अकाल की मार से मुक पशुओं को बचाने की जुगत में मध्यप्रदेश के चराई क्षेत्र में गए पाली जिले के पशुपालकों से बेरहमी से वनकर्मियों द्वारा मारपीट व उनकी भेड़े जब्त करने की घटना के बाद रेबारी समाज में जोरदार रोष व्याप्त है।



एमपी में कानूनी दावपेंच में फंसे पशुपालकों की सहानुभूति में पाली, जालोर व सिरोही जिले के देवासी समाज के लोग रविवार को भीनमाल के पास सुंधा माता मंदिर पर बैठक कर रहे है। इधर, मारवाड़ जंक्शन के पूर्व विधायक एंव कांग्रेस नेता खुशवीरसिंह के साथ पांच दर्जन गांवों के लोग रविवार को मंदसौर जाएंगे।



ये लोग मंदसौर के कलेक्टर, एसपी तथा जिला वन अधिकारी से मिल कर जब्त की गई भेड़ों को छुड़ाने व भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृति रोकने
की मांग करेंगे। शनिवार को मारवाड़ जंक्शन इलाके के गांवों से देवासी समाज के लोगों ने जोजावर में पूर्व विधायक खुशवीरसिंह के आवास में बैठक की इस घटना की निंदा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले का एक प्रतिनिधिमंडल रविवार को मध्यप्रदेश जाकर पीड़ित पशुपालकों से मिलेगा और घटना की जानकारी लेंगे।



अधिकारी—जनप्रतिनिधि भी पहुंचेंगे



भीनमाल: रायका देवासी समाज का सम्मेलन एवं सम्मान समारोह रविवार को देवासी समाज धर्मशाला सुंधा पर्वत पर मडवारिया महंत तीर्थगिरी महाराज के सान्निध्य में होगा। सम्मेलन में मध्यप्रदेश में पशुपालकों की हालत तथा वहां उनकी सुरक्षा की मांग पर चर्चा की जाएगी।



सम्मेलन में धर्मशाला के रख रखाव को लेकर विचार विमर्श और विभिन्न क्षेत्रों में समाज का नाम रोशन करने वालों का सम्मान किया जाएगा।



कार्यक्रम में रानीवाड़ा विधायक रतन देवासी, सिरोही विधायक ओटाराम भोपाजी, काकरीज विधायक बाबूभाई देसाई, भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी निबांराम देवासी, राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारी छोगाराम देवासी, भोलाराम देवासी, डॉ. पीराराम देवासी, डॉ. नरसीराम देवासी, डॉ. पोचाराम देवासी, डॉ. रमेंश देवासी और डॉ. अमृत देवासी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहेंगे।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: