चंडीगढ़. गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी, सेक्टर 10 में साइंस प्लेनेटोरियम का निर्माण किया जाएगा। गृह सचिव राम निवास ने शनिवार को गवर्नमेंट म्यूजियम का दौरा किया और यहां के निदेशक एनपीएस रंधावा से प्लैनेटेरियम बनाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा।
प्रशासन की काफी पहले से ही प्लेनेटोरियम बनाने की योजना थी, लेकिन शहर में अर्बन आर्ट कमीशन गठित करने की योजना शुरू हुई तो प्लेनेटोरियम के साथ ही आठ प्रोजेक्ट के निर्माण शुरू करने पर रोक लग गई थी। करीब तीन माह पहले गृह मंत्रालय ने प्लेनेटोरियम सहित तीन अन्य प्रोजेक्ट शुरू करने की मंजूरी दे दी। वहीं, गृह सचिव राम निवास ने नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम को प्रोमोट करने को भी कहा है।
इस अवसर पर पांडुलिपियों का सेक्शन आर्किटेक्चर म्यूजियम में शिफ्ट करने का भी फैसला हुआ। पांडुलिपियों के सेक्शन की जगह तितलियों का सेक्शन बनाने की योजना है। पांडुलिपियों के सेक्शन में बौद्ध, जैन, हिंदू और सिख धर्म से जुड़ी पांडुलिपियां रखी गई है। नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम के बाहर डायनासोर का विशाल मॉडल भी लगाया जाएगा।
नेचुरल हिस्ट्री म्यूजियम में छह सेक्शन
म्यूजियम में डायनासोर ऑफ इंडिया, इवॉल्यूशन ऑफ लाइफ, ह्यूमन इवॉल्यूशन, अर्थ गैलरी, नेचर इन आर्ट और मनु स्मृतियों का सेक्शन है।
दो हजार पेंटिंग के लिए अलग म्यूजियम
गवर्नमेंट म्यूजियम में करीब दो हजार से पेंटिंग पड़ी हैं, जिन्हें जगह के अभाव के कारण डिस्प्ले नहीं किया जा रहा है। इसके लिए बेअंत सिंह मेमोरियल परिसर, सेक्टर 42 मंे भी एक म्यूजियम बनाने की योजना है। यहां गवर्नमेंट म्यूजियम में पड़ी पेंटिंग्स को शिफ्ट किया जाएगा।