जबलपुर. धनतेरस से पहले रविवार को रविपुष्य के संयोग व सोमवार को सोमपुष्य के साथ आए सर्वार्थसिद्धि महायोग पर बाजारों में धन बरसेगा। ग्राहक धनतेरस से पहले मिले खरीदारी के इस मौके को हाथ से जाने नहीं देना चाहते तो व्यापारी रवि व सोम पुष्य को मिनी धनतेरस के रूप में देख रहे हैं। खरीदारी के इन अबूझ मुहूर्तो पर ग्राहकों को लुभाने के लिए प्रमुख बाजारों में व्यापारिक प्रतिष्ठान पूरी तरह सजकर तैयार हैं। ग्राहकों ने भी इस मौके पर खरीदारी के लिए अपनी योजनाओं को मूर्त रूप दे दिया है। संस्कारधानी के साथ-साथ छोटे शहरों और कस्बों में भी इस अवसर पर जमकर खरीदारी होगी।
सोमवार को सुबह 6:01 बजे पुष्य नक्षत्र प्रारंभ होगा, जिसका प्रभाव पूरे दिन रहेगा। इस दिन सूर्योदय से 27 मिनट पहले पुष्य नक्षत्र के प्रारंभ होने के कारण इसका प्रभाव रविवार को भी रहेगा। पुष्य नक्षत्र के रविवार को पड़ने वाले प्रभाव को रवि पुष्य और सोमवार को पूरे दिन पुष्य नक्षत्र होने से सोमपुष्य के महायोग बनेंगे। खरीदारी के महायोग पुष्य नक्षत्र वाले दिन सोमवार होने से सर्वार्थसिद्धि योग भी बन रहा है।
शास्त्रों में यह योग सभी दोषों को हरने वाला और अत्यंत शुभदायी माना जाता है। साथ ही इस दिन किए गए शुभ कार्य व खरीदारी का शुभफल चिरस्थायी रहता है। ज्योतिषी पं. चंद्रमोहन दाधीच ने कहा कि धार्मिक मान्यता के अनुसार दीपावली से पहले आने वाले पुष्य नक्षत्र को धनतेरस की तरह खरीदारी का अबूझ मुहूर्त व शुभ कार्यो के लिए श्रेष्ठ माना गया है। पुष्य नक्षत्र पर वैसे तो पूरा दिन और हर प्रकार की खरीदारी शुभ मानी जाती है। लेकिन राशि के अनुसार आइटम खरीदें जाएं तो विशेष फलदायी सिद्ध होते हैं।