जबलपुर. बाजारों में त्यौहारी भीड़ बढ़ने के साथ सड़कों पर चलना मुश्किल कार्य हो रहा है। करमचन्द चौक से चारों तरफ जाने वाले मार्गो पर वाहनों की पार्किग होने से यातायात व्यवस्था पूरी तरह बाधित रहती है। इस चौराहे के आसपास के मार्गो पर रोजाना निकलने वाले राहगीरों का कहना है कि त्यौहार के समय दुकानदारों का फुटपाथ पर कब्जा हो जाता है और सड़क पर वाहनों की कतार लगने से कई-कई घंटों तक जाम लगा रहता है। इस चौराहे पर तैनात वर्दीधारी भी असहाय नजर आते हैं। करमचन्द चौक पर तैनात वर्दीधारियों का कहना है कि पार्किग व्यवस्था का पालन नहीं होने के कारण यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। एक बार जाम लगने पर राहगीरों को घंटों परेशान होना पड़ता है।
वहीं करमचन्द चौक से ओमती जाने वाले मार्ग पर नाली निर्माण और दुकानों के सामने कब्जों के कारण पूरे दिन रफ्तार ठहरी हुई दिखाई पड़ती है। वहीं दुकानदारों का तर्क है कि अंजुमन स्कूल के सामने व श्रीनाथ की तलैया में पार्किग स्थल निर्धारित किए गये हैं, लेकिन वाहन चालकों द्वारा नियमों का पालन नहीं करने से व्यवस्था पर असर पड़ रहा है। फुटपाथों से कब्जे हटाए जाएंगेयातायात सूत्रों का कहना है कि राहगीरों को परेशानी से बचाने के लिए प्रमुख बाजारों में फुटपाथ पर जमे कब्जों को हटाया जाएगा। इस संबंध में दुकानदारों को समझाइश दी जा रही है।