जबलपुर. गढ़ा को शहर से जोड़ने वाली मुख्य सड़क के अब जल्द ही दिन फिरने वाले हैं। नगर निगम और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आज रानीताल से कछपुरा तक सड़क के दोनों ओर की भूमि का सीमांकन किया। सीमांकन से यह बात पता चली कि राजस्व रिकॉर्ड में यह सड़क जहां 60 फीट की थी, वहां अब मात्र 20 से 25 फीट की ही रह गई है। इस पर इतने अतिक्रमण हुए कि अब दो वाहन एक साथ नहीं निकल पाते हैं।
बताया जाता है कि नगर निगम के सम्पदा अधिकारी पुरुषोत्तम तिवारी और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आज रानीताल से कछपुरा तक सड़क के दोनों ओर का सीमांकन कराया। रानीताल के आगे सड़क की चौड़ाई साठ फीट व 20 फीट का नाला था, लेकिन जमीन को स्थानीय निवासियों और व्यापारियों द्वारा दबा लिया गया। इसके कारण अब वहां 30 फीट का स्थान भी नहीं बचा है। लगातार बढ़ती आबादी के कारण सड़क छोटी पड़ने लगी है। पिछले दिनों न्यायालय ने भी इस सड़क को जल्द चौड़ी करने के निर्देश दिए थे। सीमांकन होने के बाद अब नगर निगम जल्द ही सड़क के दोनों ओर के अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेगा।