अलवर. हरियाणा के विधानसभा चुनावों में जिले के अनेक नेता अपनी-अपनी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने के लिए गांव-गांव जनसम्पर्क कर रहे हैं।
शनिवार को मुंडावर विधायक मेजर ओ.पी.यादव ने हरियाणा के कौसली विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यादवेन्द्रसिंह और नांगल चौधरी से कांग्रेस प्रत्याशी राधेश्याम के पक्ष में विभिन्न गांवों में जनसभाएं व जनसम्पर्क किया।
उन्होंने कोसली विधानसभा क्षेत्र के मौतला कलां, मसीत, फतेहपुरी, कहाडी, गुडयानी, जाटूसाना, मांढैयाखुर्द और नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र के गोदबलावा, भांकरी, दौचाना, हमीरपुर, खालडा, रघुनाथपुरा गांवों में जनसंपर्क कर कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। इसके अलावा कांग्रेस के महासचिव नरेन्द्र शर्मा ने भी नांगल चौधरी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी राधेश्याम शर्मा के समर्थन में नयन व बावल गांवों में जनसंपर्क किया।
अलवर शहर विधायक बनवारीलाल सिंघल व भाजपा जिलाध्यक्ष संजय शर्मा ने फिरोजपुर से भाजपा प्रत्याशी डॉ.महेन्द्र गर्ग और नूंह विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी संजयसिंह के समर्थन में जनसंपर्क कर भाजपा को जिताने का आग्रह किया।