Gwalior
बाजार में बहार
bhaskar news Sunday, October 11, 2009 04:05 [IST]  

ग्वालियर. दीपावली त्योहार पर खरीदारी तो शुभ होती ही है लेकिन पुनर्वसु व पुष्य नक्षत्र आ जाएं तो बात ही कुछ और है। रविवार को पुनर्वसु तथा सोमवार को पुष्य नक्षत्र पड़ रहा है। सोमवार को तो सवार्थ सिद्धियोग भी रहेगा। ज्योतिर्विज्ञान के अनुसार, इन दो दिनों में खरीदारी व नए कार्य फलदायी व सफल सिद्ध होंगे। वाहन, ज्वेलरी, इलेक्ट्रानिक मार्केट में इस मौके पर भारी भीड़ जुटने की उम्मीद है। ज्योतिर्विदों के अनुसार, रविवार को पुनर्वसु नक्षत्र अष्टमी के दिन पड़ रहा है। राधाअष्टमी होने से यह देवी लक्ष्मी का भी दिन है।



सोमपुष्य नक्षत्र में सर्वाथर्ंसिद्धि योग अर्से बाद पड़ रहा है, इसी दिन दुर्गा तिथि है। पुष्य नक्षत्र सूर्योदय के साथ प्रारंभ होगा और मंगलवार सुबह तक रहेगा। ये दोनों दिन भी खरीदारी के लिए अति शुभ हैं। इन दोनों दिनों में सोना चांदी, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, मकान खरीदने का विशेष महत्व होता है।



ज्योतिर्विदों का मत है कि नए काम की शुरुआत तथा संपत्ति खरीदने के लिए इन दोनों नक्षत्रों से बेहतर और कोई नक्षत्र नहीं हो सकता। ज्योतिषाचार्य सुनील शर्मा ने बताया कि पंचांग के मुताबिक दीपावली से पूर्व आए पुष्य नक्षत्र पर सुबह 9.25 बजे से 10.45 तथा दोपहर 3 से सायं 6 बजे तक खरीद करने का उत्तम समय है। यह समय चौघड़िया के हिसाब से भी काफी लाभकारी है। पुष्य नक्षत्र में किसी भी चीज को खरीदने से वह अनन्त फलदायी होती है।
इसके अलावा इस दिन जो भी कार्य शुरू किया जाता है, वह भी शुभ व सफल होता है।
दीपावली के त्योहार पर सोमपुष्य नक्षत्र का योग बनने से बाजारों में भीड़भाड़ बढ़ी है। व्यापारियों की मानें तो पिछले वर्ष की तुलना में ज्वेलरी, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक तथा प्रॉपर्टी के क्षेत्र में 10 से 15 प्रतिशत का उछाल आया है।



वाहनों की बिक्री बढ़ी



प्रेम मोटर्स के संचालक चरणजीत नागपाल का कहना है कि वाहनों की खरीद पर विशेष स्कीम चल रही है। वाहन खरीदने के लिए काफी संख्या में लोग आ रहे हैं। एक माह में लगभग पांच सौ लोगों ने वाहनों के संबंध में पूछताछ की। पुष्य नक्षत्र पर भी गाड़ियों की बिक्री अच्छी होने की उम्मीद है। मनीष इलेक्ट्रॉनिक के संचालक मनीष माहेश्वरी का कहना है कि एक सप्ताह पूर्व मंदी का दौर था लेकिन अब खरीदी का ग्राफ बढ़ा है। सोमवार को पुष्य नक्षत्र होने से उम्मीद है कि काफी लोग इस दिन खरीदारी के लिए आएंगे। सुमेधा ऑटोमोबाइल के संचालक श्याम गुप्ता ने बताया कि शो रूम में काफी संख्या में लोग आ रहे हैं। इसके चलते खास मॉडल डिसप्ले के लिए भी उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। इस त्योहारी सीजन में आगामी दिनों में वाहन बिक्री में 10 प्रतिशत उछाल की उम्मीद की जा रही है।
ज्वेलरी दुकानों पर लगी भीड़
सराफा बाजार में भी शो-रूम चमचमा रहे हैं, ग्राहकों की भीड़ बढ़ने लगी है। सोना व्यवसायी रमेशचंद्र गोयल ने बताया कि सोने का भाव दीपावली तक कम नहीं होगा, बल्कि बढ़ने की उम्मीद है। शनिवार को यह 16100 रुपए प्रति दस ग्राम रहा जबकि चांदी 27 हजार रु किलो रही। दुकानों में चांदी के बर्तन, लक्ष्मी गणोश जी की मूर्ति, सिक्के तथा सोने के जेवरात की अनेक रेंज मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष दीपावली पर सोना 12 हजार रुपये प्रति दस ग्राम था।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: