ग्वालियर. कार्तिक का उत्तरार्ध ज्यों-ज्यों आगे बढ़ रहा है, गर्मी के तेवर भी ढीले पड़ते जा रहे हैं। दिन में जहां सूर्य की तेजी कम हो गई है वहीं रात में हल्की ठंड की अनुभूति होने लगी है।
तापमापी का पारा कल तक चढ़ा हुआ था लेकिन आज आधा डिग्री सेल्सियस नीचे उतर आया। शाम होते ही मौसम में बदलाव होना शुरू हो जाता है। मध्य रात्रि के बाद भोर तक चादर ओढ़ने की स्थिति आ गई है। सुबह घास-पत्तियों पर ओस भी दिखने लगी है। दीपावली तक वैसे भी गुलाबी ठंड दस्तक देने लगती है। मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक शनिवार को अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 21.3 डिसे रिकार्ड हुआ। यह भी सामान्य से 2.3 डिग्री ज्यादा रहा। सुबह की आद्र्रता 68 व शाम की 65 प्रतिशत दर्ज की गई।