पिलानी. बिरला आचार्य संस्कृत महाविद्यालय के तत्वावधान में आयोजित जगदगुरु रामानंदाचार्य राजस्थान संस्कृत विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन शनिवार को हुआ।
प्रतियोगिता की कबड्डी और वालीबॉल स्पर्धा में पिलानी, क्रिकेट में राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर व बैडमिंटन में नीमकाथाना ने ट्रॉफी जीती। समापन समारोह के मुख्य अतिथि बिरला स्कूल, पिलानी के प्राचार्य सत्येंद्रकुमार थे। अध्यक्षता समाजसेवी राजेंद्रप्रसाद डाडा ने की।
प्राचार्य डॉ. रामविलास शर्मा के स्वागत भाषण से शुरू हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कुमार, अध्यक्ष डाडा, म्यूजियम निदेशक डॉ. वीएन धोलाखंडी, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि अमरसिंह, हीरालाल, रणधीरसिंह व सुरेंद्रसिंह का डॉ. शर्मा, डॉ. सुरेश शर्मा, संतकुमार शर्मा, दामोदर शर्मा व प्रमोद तिवारी ने स्वागत किया।
इससे पूर्व शनिवार को खेले गए फाइनल मैचों में क्रिकेट में संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर ने पिलानी को 18 रनों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। कबड्डी में पिलानी ने बीकानेर को 12 अंकों से हराकर तथा वालीबॉल में जसवंतगढ़ को 3-1 से हराकर ट्रॉफी जीती। बैडमिंटन में नीमकाथाना ने कालाडेरा को हराकर ट्राफी जीती।
क्रिकेट सीरीज में मैन ऑफ द सीरीज व बेस्ट बैट्समैन का खिताब विश्वविद्यालय के विकास ने, बेस्ट बॉलर का खिताब पिलानी के सुनिल ने तथा मैन ऑफ मैच व ऑलराउंडर का खिताब विश्वविद्यालय के नेमीचंद ने जीता। संचालन प्रो. चंद्रशेखर मिश्र ने किया। इस मौके पर प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रहे सहयोगियों व विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों तथा टीम प्रभारियों को सम्मानित किया गया।