ग्वालियर. स्कूल बस आपरेटरों की गैर मियादी हड़ताल के कारण चौथे दिन भी स्कूल-कालेजों में पढ़ाई लगभग ठप रही। न बस आपरेटर झुकने को तैयार हैं, न प्रशासन। हड़ताल सोमवार को भी जारी रहने की संभावना है। इस बीच स्कूल संचालकों ने सोमवार को कलेक्टर से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराने का निश्चय किया है। वाहनों के लिए मॉडल कंडीशन 15 साल करने से क्षुब्ध स्कूल बस आपरेटर शनिवार को फूलबाग पर एकत्रित हुए। यहां हुई बैठक में आपरेटरों ने प्रशासन पर तानाशाही का आरोप लगाया। सोमवार के लिए रणनीति तैयार करने के लिए आपरेटर रविवार शाम 5 बजे फिर बैठक करेंगे।
बसें बंद करने की चेतावनी
स्कूल बस आपरेटरों के आंदोलन को प्राइवेट बस आपरेटरों ने भी समर्थन दे दिया है। इससे टकराव बढ़ने के आसार बन गए हैं। शनिवार को इस मामले में बैठक आयोजित की गई थी। इसमें निर्णय लिया गया कि यदि मॉडल कंडीशन खत्म नहीं किया गया तो सभी बस आपरेटर आंदोलन में शामिल हो जाएंगे।आमखो पर हुई संयुक्त बैठक में स्कूल बस आपरेटर एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष नीलू भदौरिया व सचिव सुधीर अवस्थी ने भाग लिया जबकि प्राइवेट बस आपरेटर एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष राजेंद्र जादौन, जगदीश सिंह गुर्जर, पदमचंद्र गुप्ता, सतीश अरोरा सहित अन्य शामिल हुए। बैठक में तय हुआ कि यदि प्रशासन ने अपना रवैया नहीं बदला तो जिले के सभी बस आपरेटर हड़ताल पर चले जाएंगे। इस स्थिति में ग्वालियर से अन्य जिलों में जाने वाली सभी बसें बंद हो जाएंगी।।