Ratlam
बाजार में ग्राहकी की बहार
bhaskar news Sunday, October 11, 2009 04:43 [IST]  

रतलाम. कपड़ों और वाहनों की दुकानों पर लोग बड़ी संख्या में खरीदी के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं इलेक्ट्रॉनिक शोरूम पर लोग टीवी, फ्रीज, एसी, वॉशिंग मशीन की खरीदी करने पहुंच रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार दीपावली के चलते खरीदी बढ़ी है। आने वाले दिनों में बाजार में और
रौनक बढ़ेगी।



लोगों में खरीदी को लेकर विशेष उत्साह-दीपावली पर लोगों में खरीदी को लेकर विशेष उत्साह है। अलकापुरी निवासी रमेश पंवार का कहना है कि पुष्य नक्षत्र और धनतेरस पर इलेक्ट्रॉनिक आयटम खरीदना है इसलिए बाजार में आज पसंद करने आए हैं। यदि पसंद आ जाएगा तो आज ही बुकिंग करवा देंगे और सोमवार को पुष्य नक्षत्र पर ले जाएंगे। डोंगरेनगर निवासी विजय गोयल अपने भाई रवि के साथ शनिवार को दोपहिया वाहन की बुकिंग कराने निकले। श्री गोयल ने बताया दीपावली पर बाइक खरीदना है। इस समय बाजार में अच्छी स्कीम है। सबसे अच्छा समय यही है इसलिए हम सबको इसका फायदा उठाना चाहिए। दीपावली के पहले खरीदारी में ही समझदारी है।



पुष्य नक्षत्र कल, खरीदी का अच्छा समय



यदि आप कुछ खरीदने का सोच रहे हैं तो १२ अक्टूबर का दिन सबसे अच्छा है क्योंकि इस दौरान पुष्य नक्षत्र है। इस बार पुष्य नक्षत्र सोमवार को आने के कारण इसे सबसे सुखदायी माना जा रहा है। ज्योतिषियों के अनुसार सोमवार का पुष्य नक्षत्र सर्वश्रेष्ठ है। पं. हरीश चतुर्वेदी के मुताबिक पुष्य नक्षत्र पर दिनभर अच्छी खरीदी का योग है। पुष्य नक्षत्र सर्वसिद्धि करने वाला नक्षत्र है इसलिए इस दिन सोना, चांदी, आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक आइटम घर में लाना शुभ है।



आने वाले दिनों में ग्राहकी और बढ़ेगी



खरीदी के लिए बाजार में अच्छा उत्साह है। लोग गाड़ियों की बुकिंग कराने आ रहे हैं। आने वाले दिनों में ग्राहकी और बढ़ेगी। इस बार पिछले साल के मुकाबले डेढ़ गुना ग्राहकी की उम्मीद है।
गुस्ताद अंकलेसरिया, दोपहिया वाहन विक्रेता
त्योहारी सीजन के कारण बाजार में रौनक है। अगले सप्ताह पुष्य नक्षत्र और धनतेरस होने से आने वाले दिनों में बाजार में अच्छी ग्राहकी होने की संभावना है।
विकास कटारिया, आभूषण व्यवसायी
त्योहारी सीजन के कारण बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। इलेक्ट्रॉनिक बाजार में भी अच्छी खरीदी हो रही है। इस बार कंपनियों ने अच्छे ऑफर दिए हैं। पुष्य नक्षत्र और धनतेरस पर बाजार में बिक्री और बढ़ेगी।
रूपेश बरबेटा, इलेक्ट्रॉनिक सामान के विक्रेता

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: