‘फ्लावर फैंटेसी’ से रात ‘हॉट स्टफ’ होगी। ‘दिल-दिल’ मिलेंगे और ‘दिलखुश’ होकर ‘आकाश चक्कर’ लगाएंगे। ‘सोना राइडर’ और ‘गीतमाला’ का ‘दिल दीवाना’ होने पर अगर ‘तू-तू,मैं-मैं’ हुई तो भी चिंता न करें क्योंकि इस रात गली-गली में ‘पुलिस सायरन’ भी गूंजेगा।जी हां, यह रात होगी दीपावली की, जिसे रंगीन बनाने के लिए आतिशबाजी के सौदागर इस बार पटाखों की कई वैरायटियां लेकर आए हैं। दुकानों में देसी आतिशबाजी तो सज ही रही है चाइना से आयातित पटाखों की भी भरमार है। इनमें शोर-शराबे के शौकीनों को धमाकेदार और शांतिप्रिय लोगों के लिए बिना आवाज वाले रंग-बिरंगी रोशनी बिखेरने वाले पटाखे भी हैं। सौदागरों ने हर बजट के पटाखों का इंतजाम किया है। बस आप इशाराभर कीजिए फिर देखिए बारूद से निकली रोशनी कैसे नाचती है। अब तक आतिशबाजी की जो रंगीनियां सिर्फ फिल्मों या बड़े-बड़े समारोहों में ही नजर आती थीं वे अब रतलाम के आकाश पर भी दिखेंगी। अगर आपकी जेब में माल है तो फिर कमाल ही कमाल है। इसका मतलब ये नहीं है कि इस बार पटाखे सिर्फ पैसे वाले ही जला सकेंगे।
खास पटाखों की बानगी
पुलिस सायरन-अनार की तरह रोशनी बिखेरने वाले इस आयटम से सीटी की आवाज निकलेगी। व्यापारियों का दावा है कि सीटी की आवाज इतनी होगी कि पूरा मोहल्ला गूंज उठेगा। एक पैकेट में तीन
नग आएंगे जिनकी कीमत 300 रुपए से अधिक है।
गीतमाला-अगर आप आकाश में रंग-बिरंगी रोशनी वाली माला बनते देखना चाहते हैं तो यह आयटम आप के लिए ही बना है। यह 40 से 50 फीट की ऊंचाई पर रंग-बिरंगी माला की तरह रोशनी बिखरेगा। इसका एक पैकेट खरीदने के लिए आपको करीब 350 रुपए खर्च करना होंगे।
पॉल्टी पप-अब रंग-बिरंगी चमकीली पन्नियां और रिबन की बरसात देखने का लुत्फ आप पॉल्टी पप नाम के पटाखे से कभी भी उठा सकते हैं। ऐसे देसी पटाखों को जलाना पड़ता है जबकि इसे बीच से तोड़ना पड़ेगा। दो बार ऐसा करने के लिए 320 रुपए खर्च करना होंगे।
सोना राइडर- यह 15 फीट की ऊंचाई पर ब्लास्ट होने के साथ ऐसी रोशनी बिखेरेगा जैसे सोने के सिक्कों की बरसात हो रही हो। कीमत 75 रुपए है।
दिल दीवाना- दिल दीवाना बनाने वाले यह पटाखा 150 फीट तक की ऊंचाई पर नीले रंग के सितारे बिखेरेगा। कीमत है तीन नग की 390 रुपए।
दिल खुश- दिलखुश लाएं और एक बार जलाकर 50 धमाके सुनें। कीमत की बात न करें क्योंकि वो थोड़ी ज्यादा है। यही कोई 450 रुपए तक।
तू-तू, मैं-मैं-यह फैंसी पटाखा है जो साधारण अनार की ही तरह है। इसके नाम पर न जाएं, यह विवाद नहीं मनोरंजन ही करेगा। कीतम125 रुपए है।
फ्लावर फैंटेसी- यह रोशनी बिखेरेगा वो भी रंग बदल-बदल कर। पांच पीस वाले इस पटाखे के 1 पैकेट की कीमत है करीब 150 रुपए।
हॉट स्टफ- इससे जो सुनहरी रोशनी निकलेगी वह आसमान में मकड़ी के जाले जैसा ही आभास देगी। कीमत 200 रुपए से अधिक है।