Bikaner
3108 माध्यमिक स्कूलों में लगेंगे तृतीय श्रेणी शिक्षक
Bhaskar News Sunday, October 11, 2009 04:48 [IST]  

बीकानेर. प्रदेश के 3108 माध्यमिक विद्यालयों में शैक्षिक व्यवस्था के तहत तृतीय श्रेणी अध्यापकों को लगाया जाएगा।



इन स्कूलों में 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए गणित, अंग्रेजी, विज्ञान आदि विषयों के अध्यापकों की कमी को देखते हुए राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया है।



प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा निदेशक को इस संबंध में आदेश जारी किए गए हैं। प्रारंभिक शिक्षा विभाग उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत उच्च योग्यताधारी तृतीय श्रेणी शिक्षकों की सूची माध्यमिक शिक्षा विभाग को उपलब्ध करवाएगा और माध्यमिक शिक्षा के जिला शिक्षा अधिकारी उस सूची में से शिक्षकों की शैक्षिक व्यवस्था करेंगे।




पूर्व भाजपा सरकार ने राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (पुराना नाम ‘सक्सेस’) के तहत 3108 उच्च प्राथमिक स्कूलों को माध्यमिक में क्रमोन्नत किया था। वर्ष 2008 में इन स्कूलों में कक्षा नौ तथा इस वर्ष 10वीं कक्षा शुरू हो गई है। इन कक्षाओं में विद्यार्थियों को पढ़ाने के लिए विषय अध्यापक नहीं है। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने प्रारंभिक शिक्षा से उच्च योग्यताधारी तृतीय श्रेणी अध्यापकों को शैक्षिक व्यवस्था के तहत लगाने की अनुमति राज्य सरकार से मांगी थी। इस संबंध में शनिवार को निदेशालय से उपनिदेशक व जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।




इन माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा छह, सात, आठ को पढ़ाने के लिए किसी में तीन तो किसी में पांच अध्यापक पहले से ही कार्यरत हैं। क्रमोन्नति के बाद इन स्कूलों में अध्यापकों की नियुक्तियां नहीं हो पाई हैं। पिछले साल भी नौवीं कक्षा को पढ़ाने के लिए सरकार को शैक्षिक व्यवस्था करनी पड़ी थी।




डीईओ तबादलों में व्यस्त : मावि में शैक्षिक व्यवस्था का काम अभी नहीं हो सकेगा। क्योंकि राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक इन दिनों तबादला कैम्प में जयपुर हैं। इसके अलावा पातेय वेतन पदोन्नति की परिवेदनाएं निस्तारण का काम भी साथ-साथ चल रहा है। कुछ जिलों की पदोन्नति सूचियां अब तक रुकी हुई हैं। सरकार ने पिछले दिनों 12 हजार 360 तृतीय श्रेणी शिक्षकों की पातेय वेतन पर द्वितीय श्रेणी में पदोन्नतियां की थीं।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: