Bikaner
शिक्षा विभाग में तबादला सूचियां 12 को जारी होगी
Bhaskar News Sunday, October 11, 2009 04:51 [IST]  

बीकानेर. शिक्षा विभाग में तबादलों की सूचियां जारी करने का काम 12 अक्टूबर से शुरू हो जाएगा।



विभाग में सहायक कर्मचारी से लेकर कनिष्ठ लिपिक और प्राचार्य व समकक्ष अधिकारियों को तबादलों की सूचियां तैयार करने का काम जयपुर में चल रहा है। कार्मिकों के संस्थापन्न रिकार्ड सहित डीईओ कार्यालय का दल शनिवार को जयपुर पहुंच गया। जानकारी के अनुसार लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे अधिकारियों को इधर-उधर किया जाएगा।




विभाग ने पिछले दिनों प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा निदेशालय में ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों की सूचियां तैयार करवाई थी, जो पांच साल से अधिक समय से एक ही अनुभाग या एक ही सीट पर बैठे हैं। निदेशालय में कार्यरत प्राचार्य, हेडमास्टर, वरिष्ठ उपजिला शिक्षा अधिकारी स्तर के अधिकारियों को फील्ड में भेजने की तैयारी की जा रही है। जिला मुख्यालयों पर कार्यरत डीईओ व एडीईओ भी इधर-उधर होंगे। जयपुर में तबादलों का काम चलने के कारण प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा निदेशालय भी शनिवार को अवकाश के दिन भी खुले रहे।




तबादलों के माध्यम से प्रदेश में डीईओ के सभी रिक्त पदों को भरने की भी कवायद हो रही है। पंजीयक कार्यालय में भी उपनिदेशक लगाया जाएगा। टीटी कॉलेज और सादरूल स्पोर्ट्स स्कूल को भी प्रिंसिपल मिलने की उम्मीद है। बीकानेर दौरे के दौरान शिक्षा मंत्री के समक्ष इन पदों के लंबे समय से रिक्त रहने के कारण हो रही समस्याओं को रखा गया था।




माध्यमिक शिक्षा निदेशक भास्कर ए. सावंत ने बताया कि सेवानिवृत्ति में दो साल से कम समय वाले प्राचार्य व समकक्ष अधिकारियों को नहीं छेड़ा जाएगा। ऐसे अधिकारियों को विशेष परिस्थितियों में ही बदला जाएगा। उन्होंने बताया कि तबादला सूचियां 12 अक्टूबर से जारी की जा सकती हैं। अभी काम चल रहा है।

 
 


अपने विचार यहां लिखें:
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: