बीकानेर. हाइकोर्ट बैंच की मांग को लेकर वकीलों की अनिश्चतकालीन हड़ताल जारी है।
आंदोलन की आगामी रूपरेखा तैयार करने के लिए रविवार को संघर्ष समिति की बैठक आयोजित होगी।
नए न्यायालय परिसर मे दोपहर एक बजे होने वाली बैठक में सभी राजनीतिक पार्टियों और जनसंगठनों के पदाधिकारियों को बुलाया गया है। शनिवार को धरने पर बैठे वकीलों को संबोधित करते हुए भाजपा नेता चंपालाल गेदर ने कहा कि यह आंदोलन बीकानेर की जनता का आंदोलन है। सरकार इसको गंभीरता से ले।
संभागीय संघर्ष समिति के संयोजक आर.के.दास गुप्ता ने कहा कि संभाग स्तर पर हाइकोर्ट की बैंच स्थापित करना न्यायालय विकेन्द्रीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। राजकीय डूंगर महाविद्यालय के प्राचार्य डा. पी.आर. ओझा ने कहा कि सरकार को इस आंदोलन को सही अर्थो में समझकर जल्द ही प्रभावी कदम उठाने चाहिए।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने बताया कि क्रमिक अनशन पर टैक्स बार एसोसिएशन के एडवोकेट नरेन्द्र कुमार अग्रवाल, मदनमोहन व्यास, अजय व्यास, योगेश पोपली, सुमित मित्तल, वाई.पी. मदान, ओम मिश्रा तथा न्यायालय टाइपिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहम्मद कलीम, विष्णु महात्मा, जाकिर कोहरी, सुखराज, अनवर हुसैन, इंतजार हुसैन और रामेश्वरलाल बैठे।
इन सभी का भाजपा नेता गेदर ने माला पहनाकर स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर गांवों में भी आंदोलन के समर्थन में जनसंपर्क किया जा रहा है। इसके लिए एडवोकेट जयनारायण व्यास अपने साथियों के साथ कोलायत तहसील के कई गांवों का दौरा कर चुके हैं। ग्राम पंचायत गुड़ा के सरपंच शंकरराम भाट ने भी न्यायालय परिसर में धरने पर जाकर वकीलों को समर्थन दिया।