जोधपुर. कस्टम विभाग की चीफ कमिश्नर ने शनिवार को मुनाबाव रेलवे स्टेशन का दौरा कर व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने स्टेशन पर सामान जांचने से लेकर तमाम व्यवस्थाओं को नाकाफी बताते हुए सिस्टम को अपग्रेड करने की बात कही ताकि किसी भी स्तर पर खामी न रहे।
साथ ही कहा की सीमा पर कस्टम काउंटर इंटेलीजेंस को मजबूत किया जाएगा ताकि सीमा पार से विस्फोटक,हेरोइन व हथियार आने जैसी घटनाओं को रोका जा सके। कस्टम की चीफ कमिश्नर जसमीद वीरेंद्रसिंह ने शनिवार को मुनाबाव रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर थार एक्सप्रेस के यात्रियों का सामान जांचने की व्यवस्था को देखा। उन्होने सामान जांचने के लिए नई मशीन नहीं लगाने पर सवाल किए।
जब उन्हें बताया गया कि रेलवे के साथ स्टेशन पर नई एक्सरे मशीन लगाने के बारे में विवाद चल रहा है,तो उन्होंने तत्काल रेलवे अधिकारियों से बातचीत कर इसका हल निकाला। उन्होंने कस्टम काउंटर पर लगी पुरानी एक्सरे मशीन तत्काल हटा कर नई मशीन लगाने को कहा। साथ ही कस्टम काउंटर को हाईटेक बनाने के लिए सिस्टम को अपग्रेड करने का प्रस्ताव बनाकर भेजने को कहा।
बॉर्डर पर तैनात कस्टम विंग को हाईटेक करने व मजबूत बनाने के साथ ही उन्होंने इंटेलीजेंस सिस्टम को भी अपग्रेड करने की बात कही। उन्होंने सीमा पार से विस्फोटक, हेरोइन व हथियार की खेप आने पर चिंता जताते हुए कस्टम अधिकारियों को अधिक सतर्कता बरतने की हिदायत दी।