अजमेर. मुख्य कार्यकारी अधिकारी वी. सरवण की सख्ती के बाद नगर निगम की लापता 21 में से 12 फाइलें मिल चुकी हैं।
फाइलें मिलने से निगम के अधिकारियों ने भी राहत की सांस ली है।
सीईओ ने शहर में बने अवैध व्यावसायिक भवन और अतिक्रमणों के खिलाफ नए एक्ट के तहत कार्रवाई करने का फैसला किया था। इसके तहत निगम को नोटिस देने की कार्यवाही करनी थी। निगम ने करीब 180 लोगों की सूची तैयार की थी।
अन्य कर शाखा ने कार्यवाही करने के लिए फाइलों को खंगाला तो पता चला कि 21 फाइलें नहीं है। सीईओ द्वारा संबंधित शाखा के कर्मचारियों को कार्यवाही करने की चेतावनी देने के बाद निर्माण और विधि शाखा में लापता 12 फाइलें मिल गई। शेष 9 फाइलों को अभी तक पता नहीं लगा है। उल्लेखनीय है कि निगम में एक शाखा से दूसरी शाखा में फाइल भेजने के लिए रजिस्टर में अलग से कोई इन्द्राज नहीं किया जाता है।
फाइलें नहीं मिलने से निगम की कार्यवाही ठप हो जाती है। सख्ती होती है तो फाइलें मिल जाती है। अन्यथा धूल खाती रहती है।