जोधपुर. शिकारगढ़ आर्मी क्षेत्र से 6 अक्टूबर की रात सेना के ट्रकों की 18 बैटरियां चोरी होने की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि शुक्रवार को बैटरी चोरी की एक और वारदात हो गई।
नागौरी गेट क्षेत्र में स्थित नगर निगम के गैराज में खड़ी 7 गाड़ियों से 10 बैटरियां शुक्रवार रात चोरी हो गई। नगर निगम के सहायक अभियंता हिमांशु गहलोत व ठेकेदार मनोज कुमार ने रिपोर्ट देकर बताया कि सीवरेज लाइनों के रखरखाव में प्रयुक्त होने वाली गाड़ियां रात के समय नागौरी गेट दमकल केन्द्र के पुराने कंपाउंड में खड़ी रहती हैं।
इस गैराज की एक चाबी सहायक अभियंता के पास तथा दूसरी सफाई कर्मचारी किशन के पास रहती है। शुक्रवार रात अज्ञात चोर गैराज की दीवार फांदकर अंदर घुसे और वहां खड़ी सात गाड़ियों में लगी 10 बैटरियां चुरा लीं। मामले की जांच कर रहे कागा चौकी प्रभारी प्रभुसिंह ने बताया कि रात्रि में यहां कोई गार्ड नहीं रहता है।
गैराज परिसर की चारदीवारी की ऊंचाई एक तरफ से काफी कम है। संभवत: चोर यहीं से अंदर घुसे। बैटरी के बिना गाड़ियां चालू नहीं हो पाई और शनिवार को शहर में सीवरेज लाइनों से संबंधित कामकाज प्रभावित हुआ।