अजमेर. सूफी संत ख्वाजा गरीब नवाज की दरगाह में हुए बम धमाके की दूसरी बरसी रविवार को मनाई जाएगी।
इस मौके पर मुसलमानाने अजमेर की ओर से अंदरकोट में ताजियत जलसे का आयोजन किया गया है। इसमें विस्फोट में मारे गए लोगों को खिराज—ए—अकीदत पेश किया जाएगा।
जलसे में अंजुमन सैयदजादगान, अंजुमन शेखजादगान, दी सोसायटी पंचायत अंदरकोटियान के पदाधिकारियों के साथ ही विभिन्न समाजों के प्रमुख भाग लेंगे। ढाई दिन का झोंपड़ा के पास अंदरकोट में रात आठ बजे से जलसे की शुरूआत होगी। जलसे में खत्म—ए—कुरान पाक व दुआ—ए—मगफिरत की जाएगी। उल्लेखनीय है कि 11 अक्टूबर 2007 को दरगाह में बम ब्लास्ट हुआ था।
इसमें तीन लोग मारे गए थे और 22 लोग जख्मी हुए थे। हिजरी संवत के मुताबिक 28 रमजान को दो साल पूरे हो चुके हैं। इस मौके पर खुद्दाम-—ए—ख्वाजा की ओर से अहाता—ए—नूर में एक ताजियती व एहतिजाजी जलसे का आयोजन किया गया था।
जिसमें अंजुमन के पूर्व सचिव सैयद सरवर चिश्ती समेत विभिन्न पदाधिकारियों ने संबोधित किया था और प्रशासन के रवैये की आलोचना की थी।